नेपाल : प्रमुख विपक्षी पार्टी कांग्रेस के संसदीय दल के उपनेता के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल : प्रमुख विपक्षी पार्टी कांग्रेस के संसदीय दल के उपनेता के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी


काठमांडू, 16 जुलाई (हि.स.)। नेपाल पुलिस ने कपिलवस्तु में उद्योग वाणिज्य संघ के अध्यक्ष पर कथित हमले के मामले में प्रमुख विपक्षी दल नेपाली कांग्रेस के संसदीय दल के उपनेता अभिषेक प्रताप शाह के खिलाफ गुरुवार को गिरफ्तारी वारंट जारी किया है।

सांसद शाह के खिलाफ यह वारंट कपिलवस्तु के कृष्णनगर उद्योग वाणिज्य संघ के अध्यक्ष सीताराम शर्मा पर कथित हमले में संलिप्तता के आरोप में मामला दर्ज होने के बाद जारी किया गया।

कपिलवस्तु जिला पुलिस कार्यालय के प्रवक्ता एवं पुलिस उपरीक्षक (डीएसपी) रिपेन्द्र कुमार सिंह के अनुसार, कपिलवस्तु निर्वाचन क्षेत्र-3 से निर्वाचित सांसद अभिषेक प्रताप शाह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है।

हाल ही में एक वीडियो सार्वजनिक हुआ था, जिसमें सांसद अभिषेक प्रताप शाह, कृष्णनगर नगरपालिका के मेयर राजत प्रताप शाह तथा 15–20 लोगों के समूह के साथ कथित रूप से सीताराम शर्मा के घर में प्रवेश कर उनके साथ मारपीट करते हुए दिखाई दिए थे।

घटना के बाद सीताराम शर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया, जिसके बाद संघीय सांसद अभिषेक प्रताप शाह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच कानून के अनुसार जारी रहेगी।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story