नेपाल में प्रतिनिधि सभा के 47 नवनिर्वाचित सांसदों ने किया मातृभाषा में शपथ लेने के लिए आवेदन

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल में प्रतिनिधि सभा के 47 नवनिर्वाचित सांसदों ने किया मातृभाषा में शपथ लेने के लिए आवेदन


काठमांडू, 25 मार्च (हि.स.)। नेपाल में प्रतिनिधि सभा के 47 नवनिर्वाचित सांसदों अपनी-अपनी मातृभाषा में शपथ लेने के लिए आवेदन किया है। सभी ने अपना नाम संसद सचिवालय में दर्ज करा दिया है। यह सभी 17 बोलियों (मातृभाषा) में 26 मार्च को शपथ ग्रहण करेंगे। शपथ संबंधी अधिनियम की धारा 5 के अनुसार, कोई भी सार्वजनिक पद धारण करने वाला व्यक्ति नेपाल में बोली जाने वाली अपनी मातृभाषा में शपथ ले सकता है। इसके लिए मातृभाषा का विवरण शपथ दिलाने वाले अधिकारी को उपलब्ध कराना आवश्यक है।

संसद सचिवालय के अनुसार, नेपाली भाषा में शपथ लेने के लिए अनुष्का श्रेष्ठ, कुलभक्त शाक्य, कुसुम महर्जन, कृपा महर्जन, गंगालक्ष्मी अवाल, मदन कृष्ण श्रेष्ठ, रुकेश रंजित, विराज भक्त श्रेष्ठ और सहजान खातुन ने आवेदन दिया है। डोटेली भाषा में आकृति अवस्थी, दीपकराज बोहरा और हरिनादेवी कामी शपथ लेंगी। मैथिली में अंकिता ठाकुर, आशा झा, उज्ज्वलकुमार झा, कामिनी कुमारी, तपेश्वर यादव, दीपककुमार साह, नरेंद्र साह कलवार, निशा मेहता, मनीष झा, मातृकाप्रसाद यादव, रामजी यादव, सीताराम साह, शम्भु कुमार यादव और जोग कुमार बरबरिया यादव शपथ लेंगे।

बज्जिका भाषा में नीतिमा भण्डारी कार्की और राजेशकुमार चौधरी शपथ लेंगे। भोजपुरी में कन्हैया बनियाँ, बुद्धिप्रसाद पंत और रविन्द्र पटेल शपथ लेंगे। थारू भाषा में अमरकांत चौधरी, अशोककुमार चौधरी, गीता चौधरी, प्रमिलाकुमारी गच्छदार और सुरेन्द्र चौधरी, जबकि कठरिया थारू में करिश्मा कठरिया तथा राना थारू में कृपाराम राना शपथ लेंगे। मगही भाषा में प्रमोदकुमार महतो और राजकिशोर महतो शपथ लेंगे। संस्कृत में खुश्बु ओली, बान्तावा में ध्रुवराज राई, तामांग में परशुराम तामांग, चाम्लिंग में निष्कल राई, अवधी में मोहम्मद इश्तियाक राई, बझांगी में ऐनबहादुर महर, छन्त्याल में गंगा छन्त्याल और मगर खाम में रेनुका काउचा शपथ लेंगी।

संसद सचिवालय 26 मार्च को प्रतिनिधि सभा के नवनिर्वाचित सांसदों को शपथ दिलाएगा। बुधवार को ज्येष्ठ सदस्य अर्जुननरसिंह केसी ने राष्ट्रपति से शपथ ली है और वे अगले दिन सिंहदरबार स्थित निर्माणाधीन संसद भवन के बहुउद्देश्यीय हॉल में अन्य सदस्यों को शपथ दिलाएंगे। शुक्रवार को बालेन्द्र शाह राष्ट्रपति के समक्ष प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story