नेपाल में 44 हिमालयी चोटियों पर चढ़ाई के लिए 76 देशों के 1,410 पर्वतारोहियों को मिली अनुमति

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल में 44 हिमालयी चोटियों पर चढ़ाई के लिए 76 देशों के 1,410 पर्वतारोहियों को मिली अनुमति


नेपाल में 44 हिमालयी चोटियों पर चढ़ाई के लिए 76 देशों के 1,410 पर्वतारोहियों को मिली अनुमति


काठमांडू, 28 अक्टूबर (हि.स.)। नेपाल में शरद ऋतु के दौरान 44 हिमालयी चोटियों पर चढ़ाई के लिए 76 देशों के 1,410 पर्वतारोहियों ने अनुमति ली है। इस सीजन में पर्वतारोहण के लिए कुल 161 दलों को अनुमति दी गई है।

पर्यटन विभाग की शाखा अधिकारी सुधा रेग्मी ने बताया कि 44 हिमालयी चोटियों पर चढ़ाई के लिए 1,069 पुरुषों और 341 महिलाओं ने अनुमति ली है। पर्वतारोहण की अनुमति जारी करने के बदले विभाग ने पर्वतारोहियों से 31 करोड़ 80 लाख 50 हजार 778 रुपये रॉयल्टी के रूप में एकत्र किए हैं।अनुमति प्राप्त चोटियों में सबसे अधिक पर्वतारोही 8,163 मीटर ऊंचे मनास्लु पर्वत पर चढ़ाई के लिए तैयार हैं। मनास्लु के लिए ही 43 दलों के 500 पर्वतारोहियों ने अनुमति ली है। इनमें 373 पुरुष और 127 महिलाएं शामिल हैं। विभाग ने इनसे 22 करोड़ 58 लाख 57 हजार 189 रुपये रॉयल्टी एकत्र की है।

इसी तरह, धौलागिरि-1 पर चढ़ाई के लिए छह दलों के 37 लोगों ने अनुमति ली है। उनसे विभाग को 84 लाख 73 हजार 650 रुपये रॉयल्टी प्राप्त हुई है। मकालु पर्वत पर चढ़ाई के लिए एक दल के तीन लोगों ने अनुमति ली है। उनसे छह लाख 88 हजार 50 रुपये राजस्व प्राप्त हुआ है। विभाग के अनुसार इन हिमालयी चोटियों पर चढ़ाई के लिए जारी अनुमतियों से 20 लाख 89 हजार 584 अमेरिकी डॉलर, यानी लगभग 31 करोड़ 80 लाख 50 हजार रुपये रॉयल्टी के रूप में एकत्र की गई है।

शाखा अधिकारी रेग्मी के अनुसार हिमलुंग पर्वत पर चढ़ाई के लिए 12 दलों के 121 पर्वतारोहियों ने अनुमति ली है। उनसे विभाग ने 74 लाख 27 हजार 720 रुपये रॉयल्टी एकत्र की है। इसी तरह, आमादब्लम पर्वत पर चढ़ाई के लिए 32 दलों के 386 लोगों ने अनुमति ली है। उनसे पांच करोड़ 76 लाख 99 हजार 650 रुपये राजस्व प्राप्त हुआ है। रेग्मी के अनुसार पुथा हिमचुली, डांगा हिमचुली, बरुणत्से, मकालु, गंगापूर्णा पश्चिम (लांगचेनेल), थोरोङ पीक, नोर्बु खांग, अन्नपूर्णा-4, चामलांग, लमजुंग हिमाल, पुमोरी, सारिबुंग, थापा पीक (धाम्पुस), पोखर खांग, अर्दांग, जुगल और पेरी सहित अन्य चोटियों पर चढ़ाई के लिए भी अनुमति जारी की गई है।

विभाग के अनुसार पर्वतारोहण की अनुमति लेने वालों में चीन के सबसे अधिक 141 नागरिक शामिल हैं। इसके अलावा रूस के 108, फ्रांस के 130, अमेरिका के 119, ब्रिटेन के 96, पोलैंड के 41, नेपाल के 33, स्विट्जरलैंड के 47, स्पेन के 31, भारत के 40, इटली के 47 और जापान के 35 नागरिकों ने अनुमति ली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768414 Articles

Share this story