नेपाल में पर्वतारोहण सीजन: 50 हिमालों पर चढ़ाई के लिए 1,633 पर्वतारोहियों को अनुमति
काठमांडू, 29 नवंबर (हि.स.)। नेपाल में जारी पर्वतारोहण सीजन के दौरान अब तक 77 देशों के 1,633 पर्वतारोहियों ने विभिन्न हिमालयी चोटियों पर चढ़ाई के लिए अनुमति ली है। नेपाल पर्यटन विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, इस सीजन में कुल 50 हिमालों के आरोहण के लिए 190 समूहों को अनुमति जारी की गई है। इनमें 380 महिला पर्वतारोही शामिल हैं।
विभाग के अनुसार, इस सीजन में सबसे अधिक पर्वतारोहियों ने मनास्लु हिमाल पर चढ़ाई के लिए अनुमति ली है। मनास्लु के लिए 43 समूहों के कुल 500 पर्वतारोहियों को अनुमति दी गई है, जिनमें 127 महिलाएं हैं।
इसी तरह, दुनिया की प्रसिद्ध पर्वतारोहण चोटियों में शामिल आमादब्लम पर चढ़ाई के लिए 40 समूहों के 476 पर्वतारोहियों ने अनुमति ली है। इनमें 116 महिलाएं शामिल हैं।
हिमलुंग हिमाल पर चढ़ाई के लिए 13 समूहों के 130 पर्वतारोहियों को अनुमति जारी की गई है। इनमें 21 महिलाएं हैं। वहीं, बरुंत्से हिमाल के लिए छह समूहों के 65 पर्वतारोहियों ने अनुमति ली है।
नेपाल में इस सीजन पर्वतारोहण के लिए आने वाले विदेशी पर्वतारोहियों में फ्रांस के नागरिकों की संख्या सबसे अधिक है। विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, फ्रांस के 150 पर्वतारोहियों ने अनुमति ली है, जिनमें 21 महिलाएं हैं।
इसके बाद चीन के 146 पर्वतारोहियों (44 महिलाएं), अमेरिका के 130 (33 महिलाएं), रूस के 124 (37 महिलाएं) और ब्रिटेन के 112 (16 महिलाएं) ने पर्वतारोहण की अनुमति प्राप्त की है।
पर्वतारोहण के इस सीजन में विदेशी और अन्य पर्वतारोहियों से नेपाल पर्यटन विभाग ने अब तक 33 करोड़ 42 लाख 86 हजार 617 नेपाली रुपये रॉयल्टी के रूप में एकत्र किए हैं।
विभाग के अनुसार, इस सीजन में कुल 77 देशों के पर्वतारोही नेपाल पहुंचे हैं। पर्वतारोहियों की बढ़ती संख्या से नेपाल के पर्यटन और पर्वतारोहण क्षेत्र को आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

