नेपाल में मातृत्व अवकाश 90 दिन से बढ़ाकर 6 महीने करने की तैयारी, पिता को 42 दिन की छुट्टी का प्रस्ताव

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल में मातृत्व अवकाश 90 दिन से बढ़ाकर 6 महीने करने की तैयारी, पिता को 42 दिन की छुट्टी का प्रस्ताव


नेपाल में मातृत्व अवकाश 90 दिन से बढ़ाकर 6 महीने करने की तैयारी, पिता को 42 दिन की छुट्टी का प्रस्ताव


काठमांडू, 16 सितंबर (हि.स.)। नेपाल सरकार मातृत्व और पितृत्व अवकाश की अवधि बढ़ाने की तैयारी कर रही है। प्रस्ताव के अनुसार, माताओं को मिलने वाले मौजूदा 90 दिनों के मातृत्व अवकाश को बढ़ाकर 6 महीने किया जाएगा। वहीं, पिता के लिए वर्तमान 15 दिनों के अवकाश को बढ़ाकर 42 दिन करने का प्रस्ताव है।

कानून, न्याय एवं संसदीय मामलों की मंत्री सोविता गौतम के अनुसार, सुरक्षित मातृत्व तथा प्रजनन स्वास्थ्य अधिकार अधिनियम, 2018 में संशोधन के लिए विधेयक तैयार कर लिया गया है। अब मंत्रालय इसे मंत्रिपरिषद के माध्यम से संसद में पेश करने की तैयारी कर रहा है।

प्रस्तावित विधेयक में मां को कम से कम 6 महीने का वेतन सहित मातृत्व अवकाश और पिता को 42 दिनों तक वेतन सहित प्रसूति देखभाल अवकाश देने का प्रावधान किया गया है।

मंत्री ने कहा कि सुरक्षित मातृत्व और अभिभावकत्व के संदर्भ में यह एक महत्वपूर्ण नीतिगत बदलाव होगा।

मंत्रालय के अनुसार, व्यस्त जीवन, काम के बढ़ते दबाव और बदलती जीवनशैली के कारण अधिकांश परिवार अब एक या दो बच्चों तक ही सीमित हो रहे हैं। ऐसे में माता-पिता को नवजात शिशु और परिवार के साथ पर्याप्त समय देने के उद्देश्य से यह प्रस्ताव लाया गया है।

मंत्री सोविता गौतम ने कहा कि मातृत्व जीवन में एक या दो बार आने वाला विशेष समय है और इस दौरान माता-पिता को अपने नवजात बच्चे तथा परिवार के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध कराना राज्य की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि बच्चे को जन्म देना मां से जुड़ी प्राकृतिक प्रक्रिया है, लेकिन बच्चे का पालन-पोषण केवल मां की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि माता-पिता की साझा जिम्मेदारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story