नेपाल में इस सप्ताह सक्रिय होगा मानसून, किसानों को धान रोपाई में मिलेगी राहत

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल में इस सप्ताह सक्रिय होगा मानसून, किसानों को धान रोपाई में मिलेगी राहत


काठमांडू, 28 जून (हि.स.)। मानसून के धीरे-धीरे सक्रिय होने के साथ मौसमविदों ने अनुमान लगाया है कि इस सप्ताह देश के अधिकांश हिस्सों में वर्षा होगी, जिससे तापमान में कुछ गिरावट आएगी। कुछ क्षेत्रों में इतनी बारिश हो सकती है कि धान रोपाई का कार्य भी शुरू किया जा सके।

जल तथा मौसम विज्ञान विभाग के मौसमविद् रोज़न लामिछाने के अनुसार, सुदूरपश्चिम और लुम्बिनी प्रदेश के तराई क्षेत्र, जो शुक्रवार और शनिवार तक गर्मी की लहर से प्रभावित थे, आने वाली बारिश से राहत महसूस करेंगे।

उन्होंने बताया कि लुम्बिनी प्रदेश के तराई क्षेत्रों में मंगलवार को कुछ स्थानों पर मध्यम वर्षा की संभावना है, जबकि बुधवार से गुरुवार के बीच कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। सुदूर पश्चिम प्रदेश में रविवार से मंगलवार तक हल्की वर्षा और बुधवार से गुरुवार के बीच कुछ क्षेत्रों में मध्यम वर्षा होने का अनुमान है।

मौसमविदों के अनुसार, सुदूर पश्चिम के तराई क्षेत्र के एक-दो स्थानों पर बुधवार से गुरुवार के बीच भारी वर्षा भी हो सकती है।

लुम्बिनी, कर्णाली और सुदूर पश्चिम प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में भी गुरुवार तक मध्यम वर्षा का पूर्वानुमान है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

मौसमविदों का कहना है कि इस सप्ताह पूर्वी नेपाल में पश्चिम की तुलना में अधिक वर्षा होने की संभावना है। कोशी प्रदेश के तराई क्षेत्रों में बुधवार से गुरुवार तक कई स्थानों पर बारिश होगी।

मधेश, बागमती और गण्डकी प्रदेश में मंगलवार तक कुछ स्थानों पर वर्षा होगी, जबकि बुधवार से गुरुवार तक मध्यम वर्षा व्यापक रूप से होने की संभावना है। कोशी, मधेश और बागमती के तराई क्षेत्रों के एक-दो स्थानों पर रविवार से गुरुवार के बीच भारी से अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है।

मौसमविद् उज्ज्वल उपाध्याय ने बताया कि मंगलवार से पूर्व में मेची नदी और पश्चिम में नारायणी नदी के बीच के क्षेत्रों में अच्छी वर्षा होने की संभावना है। बुधवार को काठमांडू घाटी और आसपास के क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय वर्षा हो सकती है।

उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में धान रोपाई की तैयारी की जा सकती है।

मौसमविद् धर्मराज उप्रेती के अनुसार, हाल के दिनों में कमजोर पड़ा मानसून धीरे-धीरे मजबूत हो रहा है और 28 जून से 1 जुलाई के बीच पश्चिमी नेपाल तक पहुंचने की संभावना है। 30 जून से 2 जुलाई के बीच मानसून और मजबूत होकर कुछ क्षेत्रों में मध्यम से भारी वर्षा करा सकता है, जिससे धान रोपाई के लिए अनुकूल स्थिति बनेगी।

इस वर्ष मानसून औसत समय से 6 दिन देरी से 19 जून को कोशी प्रदेश में प्रवेश किया था। 22 जून तक यह लुम्बिनी प्रदेश के पूर्वी हिस्सों तक पहुंचा। हालांकि मानसून कमजोर रहने के कारण लगातार वर्षा नहीं हो सकी, जिससे देश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी और शुष्क मौसम बना रहा।

शनिवार को अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो बांके जिले के बैजापुर में दोपहर 3:20 बजे मापा गया।

गर्मी से राहत और खेती के लिए पर्याप्त बारिश का इंतजार कर रहे लोगों के लिए इस सप्ताह की वर्षा राहत लेकर आ सकती है। हालांकि पूरे मानसून सीजन के लिए औसत से कम वर्षा और औसत से अधिक तापमान का अनुमान लगाया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story