नेपाल में हिंसा के बीच मंदिर में सो रहे व्यक्ति की हत्या के बाद तनाव और बढ़ा
काठमांडू, 31 जुलाई (हि.स.)। नेपाल में सांप्रदायिक दंगे के बीच बीती रात को एक मंदिर में सो रहे व्यक्ति की गला रेत कर हत्या किये जाने के बाद तनाव और बढ़ गया है। पुलिस ने यह भी भरोसा दिलाया है कि घटना में संलिप्त अपराधी चाहे कोई भी हो, उसे कानून के दायरे में लाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
धनुषा जिले के सबैला नगरपालिका स्थित नहरचोक मंदिर परिसर में एक व्यक्ति मृत पाया गया, जिसकी गला रेतकर हत्या की गई थी। जिला पुलिस के अनुसार पहले यह अफवाह फैली कि मंदिर के पुजारी की हत्या कर दी है है, जिसके बाद पूरे शहर में काफी तनाव का माहौल रहा। कुछ घंटों के बाद ही जिला पुलिस धनुषा ने इस बात पुष्टि कर दी कि मृतक व्यक्ति पुजारी नहीं है, बल्कि मृतक की पहचान लगभग 40 वर्षीय बन्ठु राउत कडेरी के रूप में हुई है।
जिला पुलिस कार्यालय, धनुषा के प्रवक्ता पुलिस उपाधीक्षक मधुसुधन न्यौपाने ने कहा कि मृतक इधर-उधर घूमने वाला और बाहर मजदूरी या अन्य काम करने के बाद मंदिर परिसर में आकर सोने वाले व्यक्ति था। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर प्रशिक्षित खोजी कुत्ते के साथ विशेष जांच टीम तैनात की गई है और मामले की गहन जांच जारी है।
प्रारंभिक जांच में यह घटना विशुद्ध रूप से आपराधिक तत्वों द्वारा अंजाम दी गई प्रतीत हो रही है। इसलिए पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की है कि इस घटना को किसी भी प्रकार के धार्मिक विवाद से न जोड़ें तथा शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

