नेपाल में पांच साल के भीतर दो दर्जन से अधिक वैश्विक 'होटल चेन' ने की एंट्री

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल में पांच साल के भीतर दो दर्जन से अधिक वैश्विक 'होटल चेन' ने की एंट्री


काठमांडू, 06 जुलाई (हि.स.)। पांच वर्षों के भीतर नेपाल के होटल उद्योग में प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय ब्रांडों का प्रवेश बढ़ा है। वर्ष 2020 में कोरोना महामारी और उसके बाद अर्थव्यवस्था के अधिकांश क्षेत्रों में सुस्ती के बावजूद अंतरराष्ट्रीय होटल ब्रांडों ने नेपाल के पर्यटन क्षेत्र में निवेश और विस्तार में रुचि दिखाई है।

पर्यटन विभाग के अनुसार देशभर में 41 नए होटल और रिसॉर्ट विभिन्न चरणों में स्वीकृति प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। इनमें से अधिकांश अंतरराष्ट्रीय होटल चेन के साथ प्रबंधन समझौते की तैयारी में हैं। वर्तमान में नेपाल में पंजीकृत स्टार श्रेणी के होटल और रिसॉर्ट की संख्या 335 पहुंच चुकी है।एक महीने पहले दुनिया भर में 9,800 से अधिक होटल संचालित करने वाली मेरियट इंटरनेशनल के अध्यक्ष डेविड मेरियट स्वयं नेपाल पहुंचे और तीन प्रीमियम ब्रांडों के संचालन के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किए। उन्होंने अन्य होटल परियोजनाओं का भी निरीक्षण किया और कहा कि नेपाल में होटल उद्योग के विस्तार की अपार संभावनाएं हैं।

वर्तमान में काठमांडू में मेरियट समूह के तहत फेयरफील्ड, मोक्सी, मेरियट काठमांडू और अलॉफ्ट होटल संचालित हो रहे हैं। इसी दौरान चौधरी समूह के साथ साझेदारी में रिट्ज-कार्लटन और वेस्टिन ब्रांड लाने का भी समझौता हुआ। पहले से मेरियट के तीन ब्रांड संचालित कर रहा एमएस समूह अब जेडब्ल्यू मेरियट भी नेपाल लाने की तैयारी में है। समूह के अध्यक्ष शशि अग्रवाल के अनुसार मेरियट के आगमन के बाद अन्य नेपाली व्यवसायियों में भी अपने होटलों को अंतरराष्ट्रीय ब्रांडों से जोड़ने की प्रतिस्पर्धा बढ़ी है।

अब केवल काठमांडू ही नहीं, बल्कि रूपन्देही, पोखरा, चितवन, जनकपुर, इटहरी, धनगढी, मुस्ताङ और धुलिखेल तक अंतरराष्ट्रीय होटल ब्रांडों का विस्तार हो रहा है। वर्तमान में संचालन, निर्माण और प्रबंधन समझौतों सहित काठमांडू घाटी में डेढ़ दर्जन से अधिक अंतरराष्ट्रीय होटल ब्रांड सक्रिय हैं।विशेषज्ञों के अनुसार इन होटलों का निर्माण विदेशी कंपनियां नहीं करतीं। निवेश, भूमि और स्वामित्व नेपाली व्यवसायियों का ही होता है, जबकि विदेशी होटल चेन अपना ब्रांड, वैश्विक बुकिंग नेटवर्क, प्रबंधन प्रणाली, संचालन मानक और अंतरराष्ट्रीय ग्राहक नेटवर्क उपलब्ध कराती हैं। इसके बदले वे प्रबंधन शुल्क, रॉयल्टी और सेवा शुल्क प्राप्त करती हैं।

आईएचजी होटल्स एंड रिसॉर्ट ने सुदूरपश्चिम प्रदेश में भी विस्तार किया है। धनगढी में निर्माणाधीन पांच सितारा हॉलिडे इन होटल इस क्षेत्र का पहला अंतरराष्ट्रीय ब्रांडेड फाइव-स्टार होटल बनने जा रहा है। थाईलैंड की दुसित इंटरनेशनल नेपाल में दुसित थानी और दुसित प्रिंसेस ब्रांड के जरिए अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुकी है। इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (आईएचसीएल) के तहत ताज होटल्स चितवन के मेघौली सेराई का संचालन कर रहा है, जबकि उसका विवांता ब्रांड काठमांडू के झम्सीखेल स्थित होटल का प्रबंधन संभाल रहा है।

इसके अलावा क्लार्क्स होटल्स एंड रिसॉर्ट्स, लेमन ट्री, मौर्य, एक्मी, विदम होटल्स का रमाडा ब्रांड, रॉयल ट्यूलिप, बेस्ट वेस्टर्न होटल, रेडिसन एकोर के मर्क्योर जैसे कई अंतरराष्ट्रीय ब्रांड नेपाल में अपने नेटवर्क का विस्तार कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story