नेपाल के डोल्पा में भारी बर्फबारी, 6 भारतीय पर्यटक लापता

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल के डोल्पा में भारी बर्फबारी, 6 भारतीय पर्यटक लापता


काठमांडू, 01 नवंबर (हि.स.)। नेपाल के डोल्पा जिले में भारी बर्फबारी के बीच शे-फोक्सुंडो झील की ओर जा रहे छह भारतीय पर्यटक लापता हो गए हैं। लापता पर्यटकों में दो महिला और चार पुरुष शामिल हैं। । नुमला पास और बगला पास के इलाके में उनसे संपर्क टूट गया । ये दोनों दर्रे शे-फोक्सुंडो के वार्ड नंबर 4 और 8 के बीच स्थित हैं।

डोल्पा की मुख्य जिला अधिकारी जुनु हमाल ने बताया कि पर्यटक धो से फोक्सुंडो झील की ओर लौट रहे थे, तभी वे बर्फ में फंस गए। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने उन्हें पहाड़ पार करने में होने वाली कठिनाइयों के बारे में आगाह किया था, लेकिन वे आगे बढ़ गए और अब उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। शे-फोक्सुंडो गांवपालिका के अध्यक्ष धावा साम्दुक गुरूग के अनुसार, वार्ड नंबर 4 और 8 के बीच स्थित दर्रों में मोबाइल नेटवर्क बिल्कुल नहीं है। संचार सुविधा नहीं होने के कारण पर्यटकों की स्थिति के बारे में जानकारी जुटाना मुश्किल हो रहा है।

डोल्पा के पुलिस उपाधीक्षक अनिल राज गिरी ने बताया कि इन पर्यटकों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। उन्होंने कहा कि तलाश और बचाव अभियान के लिए संबंधित निकायों से हेलीकॉप्टर की व्यवस्था करने का अनुरोध किया गया है। मुख्य जिला अधिकारी हमाल ने बताया कि लापता पर्यटकों का पता लगाने और उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए नेपाली सेना की एक टीम भी तैनात की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770322 Articles

Share this story