भारत से लगी सीमा की सुरक्षा बढ़ाने के लिए नेपाल ने किए कई बड़े फैसले
काठमांडू, 15 अप्रैल (हि.स.)। नेपाल सरकार ने भारत से लगी हुई सीमा पर अपनी निगरानी को चौबीसों घंटे बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाने का फैसला किया है। खुली सीमा होने के कारण होने वाले घुसपैठ, तस्करी, सीमा पर अपराध आदि को रोकने के लिए कई निर्देश जारी किए गए हैं।
सशस्त्र प्रहरी बल के प्रवक्ता डीआईजी विष्णु प्रसाद भट्ट के अनुसार, भारतीय सीमा से जुड़े नेपाल के देश के 27 जिलों की सीमा पर 3000 अतिरिक्त जवानों को भारत से सटी सीमा पर तैनात करने का फैसला किया गया है।
उन्होंने बताया कि नेपाल की पूर्वी सीमा झापा से पश्चिम सीमा कंचनपुर जिले तक के सीमावर्ती जिलों में 24 घंटे गश्त सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है। सरकार पहाड़ी क्षेत्रों से जनशक्ति स्थानांतरित कर नेपाल भारत सीमा पर स्थायी तैनाती बढ़ाने की योजना भी बना रही है।
सशस्त्र प्रहरी बल के प्रवक्ता के मुताबिक सीमा सुरक्षा को और अधिक मजबूत करने के लिए सीमावर्ती क्षेत्र में 100 नए वाच टावर बनाने का निर्देश गृह मंत्रालय के तरफ से दिया गया है। डीआईजी भट्ट ने कहा कि सरकार के निर्देश के बाद इस पर काम भी शुरू कर दिया गया है।
इसके अलावा नेपाल भारत सीमावर्ती क्षेत्र में रहे बॉर्डर आउट पोस्ट (बीओपी) की संख्या को भी बढ़ाने का निर्देश दिया गया है। गृहमंत्रालय ने सशस्त्र प्रहरी बल के उस प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है जिसमें नेपाल भारत सीमा पर बीओपी की मौजूदा संख्या २६० को बढ़ाकर ४२६ करने की बात उल्लेख है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

