नेपाल-भारत सुरक्षा समन्वय बैठक में झुलाघाट नाका का संचालन समय बढ़ाने पर सहमति बनी

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल-भारत सुरक्षा समन्वय बैठक में झुलाघाट नाका का संचालन समय बढ़ाने पर सहमति बनी


काठमांडू, 01 सितंबर (हि.स.)। नेपाल–भारत के बीच समन्वय बैठक में सीमा पर स्थित बैतडी के झुलाघाट नाके से होने वाली आवाजाही को सुगम बनाने के लिए संचालन का समय बढ़ाने पर सहमति बनी है। अब गर्मी के मौसम में झुलाघाट नाका सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक और सर्दी के मौसम में सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित किया जाएगा।

बैतडी की प्रमुख जिला अधिकारी मीना अर्याल ने बताया कि बैठक में सीमा सुरक्षा, अपराध नियंत्रण, आपदा प्रबंधन, पूर्व सूचना के आदान-प्रदान, व्यापार को सुगम बनाने तथा सीमा क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों से जुड़े साझा हितों के मुद्दों पर चर्चा हुई। झुलाघाट स्थित झूला पुल के रखरखाव और मरम्मत के विषय पर भी चर्चा हुई। सीडीओ अर्याल के अनुसार भारतीय पक्ष को जानकारी दी गई है कि चालू वित्त वर्ष के भीतर नेपाल की ओर से पुल की मरम्मत कराई जाएगी।

इसके अलावा बैतडी, दार्चुला और भारत के पिथौरागढ़ क्षेत्र में बाढ़, भूस्खलन तथा अन्य आपदाओं के दौरान तत्काल सूचना साझा करने और राहत एवं बचाव कार्यों के लिए दोनों देशों के प्रशासनिक एवं सुरक्षा निकायों के बीच समन्वय बढ़ाने पर भी सहमति बनी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story