नेपाल के हुम्ला जिले में बाढ़ और भूस्खलन, कई मकान क्षतिग्रस्त
काठमांडू, 20 मई (हि.स.)। नेपाल के हिमाली जिला हुम्ला के चंखेली स्थित नेप्का गांव में आज सुबह अचानक बरसात के बाद आई बाढ़ और उसके बाद हुए भूस्खलन से चंखेली डांफे स्थित विद्यालय भवन सहित आसपास के कई घर क्षतिग्रस्त हो गए।
चंखेली के निवासी छक्क बहादुर तमांग के अनुसार, तेज बहाव ने विद्यालय भवन के साथ-साथ खेतीयोग्य जमीन और मवेशी भी बहा दिया।
भूस्खलन में चंखेली के वडाध्यक्ष हर्कधन तमांग और धनसिंह तामाङ के घर और मवेशी भी दब गए हैं। वहां मौजूद भेड़-बकरियों को भी नुकसान पहुंचा है।
जिला प्रहरी कार्यालय के प्रमुख डीएसपी शंकर खड्का ने बताया कि इस बाढ़ और भूस्खलन से हुई कुल क्षति का विस्तृत विवरण अभी प्राप्त नहीं हो सका है।
उन्होंने जानकारी दी कि पुलिस टोली भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र की ओर रवाना हो चुकी है।
हुम्ला सदरमुकाम सिमकोट के उत्तर-पूर्व में स्थित चंखेली गांवपालिका में तल्लो पाली, माथिल्लो पाली, पिप्लाङ और नेप्का समेत चार गांव हैं।
गांवपालिका के केंद्र पिप्लाङ से काफी दूर स्थित नेप्का गांव तक पहुंचने के लिए करीब पांच घंटे पैदल यात्रा करनी पड़ती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

