यूएई के मंत्री से मिले नेपाल के गृहमंत्री, बूढ़ीगंडकी जलविद्युत परियोजना में निवेश का प्रस्ताव

WhatsApp Channel Join Now
यूएई के मंत्री से मिले नेपाल के गृहमंत्री, बूढ़ीगंडकी जलविद्युत परियोजना में निवेश का प्रस्ताव


काठमांडू, 15 नवंबर (हि.स.)। नेपाल के गृहमंत्री सुदन गुरुंग ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के विदेश व्यापार मंत्री डॉ. थानी बिन अहमद अल जेयोदी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई।

गृहमंत्री गुरुंग के अनुसार, बैठक में बूढ़ीगंडकी जलविद्युत परियोजना, कृषि एवं सेवा क्षेत्र के साथ-साथ सुरक्षा प्रौद्योगिकी में यूएई के निवेश और सहयोग का प्रस्ताव रखा गया। उन्होंने बताया कि बैठक में फेसलेस पुलिसिंग, गैर-घातक सुरक्षा उपकरणों के उत्पादन, सुरक्षा एजेंसियों के आधुनिकीकरण और उन्हें तकनीक के अनुकूल बनाने जैसे विषयों पर भी विचारों का आदान-प्रदान हुआ।

गृहमंत्री सुदन गुरूंग ने कहा कि नेपाल की ओर से प्रस्तावित परियोजनाओं में सहयोग को लेकर डॉ. थानी ने सकारात्मक तत्परता दिखाई । दरअसल, गृहमंत्री सुदन गुरूंग विश्व पुलिस शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए दुबई पहुंचे हैं। यूएई सरकार के औपचारिक निमंत्रण पर वह दुबई में हैं।

बताया गया है कि सम्मेलन में अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग, सुरक्षा प्रौद्योगिकी के विकास और अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में अपनाई जा रही नवीनतम प्रक्रियाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा। सम्मेलन के दौरान उच्चस्तरीय नीतिगत चर्चा, विषयगत एवं तकनीकी सत्र, उच्चस्तरीय मुलाकातें, कार्यशालाएं एवं प्रशिक्षण, अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी और विश्व पुलिस पुरस्कार सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस बार सम्मेलन में रक्षा एवं संकट प्रबंधन, स्वचालित रोबोट, ड्रोन एवं मानवीय क्षमता, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित पुलिस सेवा एवं डिजिटल परिवर्तन, साइबर हमले और डिजिटल धोखाधड़ी पर नियंत्रण, क्रिप्टो लेनदेन एवं वित्तीय अपराधों की रोकथाम, अपराध अनुसंधान, खुफिया सूचना एवं आधुनिक फॉरेंसिक तकनीक, मादक पदार्थों एवं संगठित अपराध पर नियंत्रण, सीमा सुरक्षा एवं स्मार्ट सुरक्षा प्रणाली तथा उपग्रह सूचना एवं अंतरिक्ष सुरक्षा समेत कुल 14 विषयगत क्षेत्रों को शामिल किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777304 Articles

Share this story