नेपाल के गृहमंत्री गुरुंग चुनावी वादे पूरे करने की मांग पर भड़के

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल के गृहमंत्री गुरुंग चुनावी वादे पूरे करने की मांग पर भड़के


काठमांडू, 17 अगस्त (हि.स.)। नेपाल के गृहमंत्री सुदन गुरुंग रविवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र गोरखा-1 के शहीद लखन गाउंपालिका के दौरे पर थे। इस दौरान लोगों ने जब चुनाव में किए गए वादे पूरे नहीं करने को लेकर गुरुंग से शिकायत की तो वे नाराज हो गए। गुरुंग ने यहां तक कह दिया कि वे लोग चुनाव में उनको दिया गया अपना मत वापस ले लें।विगत मार्च में संसद के निचले सदन प्रतिनिधि सभा के लिए हुए चुनाव में गोरखा-1 संसदीय क्षेत्र से निर्वाचित गुरुंग ने स्थानीय लोगों से संवाद के दौरान कहा कि अभी तुरंत क्षेत्र का कायापलट संभव नहीं है। इसी दौरान उनके द्वारा कथित रूप से ‘वोट वापस ले जाइए’ कहे जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। संवाद के दौरान एक मतदाता ने चुनाव के समय उनके द्वारा किए गए वादों की याद दिलाते हुए उन्हें पूरा करने के लिए कहा। इस पर गुरुंग ने कहा कि इतने छोटे बजट को बजट की किताब में शामिल किया जाए तो वह ‘महाभारत’ बन जाएगी। उन्होंने बताया कि बजट के लिए स्थानीय स्तर से योजनाओं की सूची मंगाई गई है और उसी के अनुसार काम किया जा रहा है।गुरुंग ने कहा, “चार महीने में अभी पहला बजट आया है। चार महीने में कायापलट नहीं किया जा सकता। वोट वापस लेकर जाइए। नहीं तो मुझे पांच साल काम करने दीजिए। मैं स्पष्ट बोलने वाला व्यक्ति हूं। चुनाव के समय भी मैंने आपसे कहा था कि अगर आप मुझ पर विश्वास नहीं कर सकते तो मुझे मत जिताइए। मैंने इतना साहस तो किया ही था।”----------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story