नेपाल में ईंधन खपत कम करने के उद्देश्य से वाहनों में ऑड इवेन लागू करने पर विचार

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल में ईंधन खपत कम करने के उद्देश्य से वाहनों में ऑड इवेन लागू करने पर विचार


काठमांडू, 24 मार्च (हि.स.)। नेपाल सरकार ने पश्चिम एशिया में सैन्य संघर्ष के कारण ईंधन की आपूर्ति बाधित होने के मद्देनज़र देश में ईंधन की खपत घटाने के मकसद से वाहनों पर ऑड-ईवेन यानी सम-विषम प्रणाली लागू करने की तैयारी शुरू कर दी है।

नेपाल का आपूर्ति मंत्रालय देश में पेट्रोलियम पदार्थों की खपत कम करने के उद्देश्य से सार्वजनिक और निजी दोनों तरह के वाहनों पर यह प्रणाली लागू करने को लेकर संबंधित निकायों के साथ चर्चा कर रहा है।

मंत्रालय के प्रवक्ता नेत्र प्रसाद सुवेदी के अनुसार, इस व्यवस्था को लागू करने के लिए मंत्रालय स्तर पर आंतरिक चर्चा जारी है। इसी विषय पर यातायात व्यवस्था विभाग ने भी अपनी ओर से पहल करते हुए आज परिवहन व्यवसायियों के साथ बैठक रखी है।

आपूर्ति मंत्रालय इस बात पर विचार कर रहा है कि तारीख के हिसाब से वाहनों में सम विषम प्रणाली लागू किया जाए। नेपाल में तेल की आपूर्ति में कमी आने के कारण अधिक दिनों तक ईंधन की आपूर्ति करने के उद्देश्य से यह शुरू किया जा रहा है।

मंत्रालय का मानना है कि इस प्रणाली के लागू होने से सड़कों पर वाहनों की संख्या कम होगी, जिससे ईंधन की खपत घटती है। पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत में वृद्धि का मुख्य कारण अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियां हैं। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच सैन्य संघर्ष के कारण खाड़ी क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ी है, जिससे तेल की कीमतें ऊपर जा रही हैं। इसका सीधा असर आयात-निर्भर देशों पर पड़ रहा है।

ऐसे में सरकार का मुख्य लक्ष्य है पेट्रोल और डीज़ल पर निर्भरता कम करते हुए ऊर्जा संकट से निपटना है। इसी के तहत सरकार लोगों से खाना पकाने के लिए गैस की बजाय विद्युत चूल्हा (इलेक्ट्रिक स्टोव) उपयोग करने की भी अपील कर रही है, ताकि आयातित एलपीजी पर दबाव कम हो। सरकार फिलहाल इस पर अंतिम निर्णय लेने से पहले विभिन्न पक्षों से सुझाव ले रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story