नेपाल के पूर्व पीएम शेर बहादुर देउवा और उनकी पत्नी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल के पूर्व पीएम शेर बहादुर देउवा और उनकी पत्नी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी


काठमांडू, 08 अप्रैल (हि.स.) नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउवा और उनकी पत्नी एवं पूर्व मंत्री डॉ. आरजू राणा देउवा के खिलाफ अवैध संपत्ति अर्जन के मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है।

नेपाल में संसदीय चुनाव के परिणाम आने से पहले ही दोनों सिंगापुर चले गए थे। नेपाल में नई सरकार गठन के बाद से वापस नहीं लौटे हैं। देउवा दंपत्ति के इस समय हांगकांग में रहने का अनुमान है। इलाज के लिए सिंगापुर गए शेरबहादुर देउवा और आरजू देउवा का एक वीडियो पिछले हफ्ते ही हांगकांग में मॉर्निंग वॉक करते हुए सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

काठमांडू जिला अदालत के सूचना अधिकारी दीपक श्रेष्ठ ने बताया कि इस बीच जांच के दौरान सम्पत्ति शुद्धीकरण अनुसन्धान विभाग ने उनके खिलाफ जिला अदालत काठमाडौं से गिरफ्तारी वारंट प्राप्त किया है।

नेपाल पुलिस के केंद्रीय अनुसंधान ब्यूरो ने इंटरपोल के साथ समन्वय करके उनकी स्थिति का पता लगाने का अनुरोध किया था। नेपाल पुलिस के प्रवक्ता एसपी पवन भट्टराई ने बताया कि जल्द ही इंटरपोल से रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने का प्रयास किया जा रहा है। सिंगापुर के साथ नेपाल की प्रत्यर्पण संधि है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story