पूर्व चीफ जस्टिस चोलेन्द्र शमशेर सहित उनके करीबी लोगों के ठिकानों पर छापेमारी

WhatsApp Channel Join Now
पूर्व चीफ जस्टिस चोलेन्द्र शमशेर सहित उनके करीबी लोगों के ठिकानों पर छापेमारी


पूर्व चीफ जस्टिस चोलेन्द्र शमशेर सहित उनके करीबी लोगों के ठिकानों पर छापेमारी


काठमांडू, 07 अक्टूबर (हि.स.)। नेपाल के पूर्व प्रधान न्यायाधीश चोलेन्द्र शमशेर राणा सहित उनके करीबी बताए जाने वाले लोगों के घरों पर बुधवार को संपत्ति शुद्धीकरण अनुसन्धान विभाग ने छापेमारी की।

विभाग की टीम ने राणा के करीबी कुछ लोगों के घर पहुंचकर मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में जांच आगे बढ़ाते हुए तलाशी ली। राणा से जुड़े आर्थिक लेनदेन और विभिन्न लोगों के साथ उनके संपर्क को लेकर जांच चल रही है।

विभाग ने दीपक तिमल्सिना, नवराज थपलिया और प्रभु शमशेर राणा के घरों पर भी छापेमारी की। प्रभु शमशेर राणा, चोलेन्द्र शमशेर राणा के भाई हैं। वहीं, बर्खास्त किए गए उच्च अदालत के तत्कालीन न्यायाधीश नवराज थपलिया को भी राणा का करीबी बताया जाता है।

इससे पहले राणा को काठमांडू उपत्यका अपराध अनुसन्धान कार्यालय ने बिना गिरफ्तारी वारंट के हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। पुलिस के अनुसार, उनके घर पर असामान्य गतिविधियों और विवादित लोगों के साथ संपर्क की सूचना मिलने के बाद जांच शुरू की गई थी।

विभाग के अनुसार, जबरा के संपर्क में रहे इनाम सापकोटा और संपत्ति शुद्धीकरण मामले में मुकदमे की सुनवाई के दौरान हिरासत में रखे गए व्यवसायी दीपक भट्ट के बीच संबंधों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान सामने आया है कि राणा, इनाम सापकोटा के माध्यम से दीपक भट्ट समेत अन्य लोगों से बातचीत करते थे। हालांकि, विभाग ने जांच की नवीनतम प्रगति के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story