पूर्व मुख्य सचिव एकनारायण अर्याल भारत में गिरफ्तार, विमान से लाया जा रहा है नेपाल

WhatsApp Channel Join Now
पूर्व मुख्य सचिव एकनारायण अर्याल भारत में गिरफ्तार, विमान से लाया जा रहा है नेपाल


काठमांडू, 20 नवंबर (हि.स.)। ठगी प्रकरण में आरोपित नेपाल सरकार के पूर्व मुख्य सचिव एकनारायण अर्याल को भारत से गिरफ्तार कर लिया गया है। अपने खिलाफ वारंट जारी होने से ठीक पहले भारत फरार होने वाले पूर्व मुख्य सचिव अर्याल की गिरफ्तारी हुई है।

नेपाल पुलिस के केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीआईबी) की एक विशेष टीम ने भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के सहयोग से अर्याल को हिरासत में लिया है। बताया गया है कि उन्हें आज ही विमान से नेपाल लाया जा रहा है। सीआईबी के अधिकारी ने बताया कि दिल्ली से वापसी पर उन्हें पत्रकार सम्मेलन के जरिए सार्वजनिक किया जाएगा।

मलेशिया जाने वाले नेपाली श्रमिकों से जुड़े मामले में करीब 2 अरब रुपये की कथित हेराफेरी के आरोपों की जांच के दौरान तत्कालीन मुख्य सचिव अर्याल की भी संलिप्तता सामने आने की बात कही गई थी। इसी आधार पर अदालत से उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कराया गया था।

इस मामले में इससे पहले ही दो पूर्व श्रम मंत्रियों सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अदालत से गिरफ्तारी वारंट जारी होने के तुरंत बाद अर्याल गुरुवार को ही विमान के जरिए दिल्ली चले गए थे। सीआईबी प्रमुख एआईजी उमा चतुर्वेदी ने पूर्व मुख्य सचिव की गिरफ्तारी की पुष्टि तो की है लेकिन फिलहाल यह नहीं बताया कि उन्हें भारत के किस स्थान से गिरफ्तार किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780167 Articles

Share this story