भारत से लौटे नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल अगले सप्ताह चीन दौरे पर जाएंगे
काठमांडू, 08 जून (हि.स.)। नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल अगले सप्ताह चीन की आधिकारिक यात्रा पर जाने वाले हैं। भारत दौरे से लौटने के बाद उनका चीन भ्रमण तय किया गया है।
विदेश मंत्रालय के द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक विदेश मंत्री खनाल 14 जून को चीन के लिए रवाना होंगे। 15 और 16 जून को उनके औपचारिक कार्यक्रम निर्धारित हैं। इस दौरान उनकी चीन के विदेश मंत्री वांग यी और चीनी कम्यूनिस्ट पार्टी के विदेश विभाग के प्रमुख लियू हैशिंग से मुलाकात होने की योजना है।
अपने दौरे के दौरान विदेश मंत्री खनाल बीजिंग में नेपाली प्रवासी समुदाय के साथ भी संवाद करेंगे। उनका 17 जून को नेपाल लौटने का कार्यक्रम है।
विदेश मंत्री के चीन दौरे की तिथि और एजेंडा को लेकर नेपाल के विदेश मंत्रालय की तरफ से आधिकारिक घोषणा १२ जून को की जाएगी ।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लोकबहादुर पौडेल क्षेत्री ने कहा कि विदेश मंत्री के भारत यात्रा पर अधिक ध्यान केंद्रित रहने के कारण चीन दौरे की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा नहीं हो सकी। उन्होंने बताया, “हम चीनी मित्रों के साथ लगातार संपर्क में हैं। जैसे ही कोई नया विकास होगा, हम औपचारिक जानकारी साझा करेंगे।”
विदेश मंत्री खनाल 5 जून को भारत यात्रा पर गए थे और 7 जून को काठमांडू लौटे। भारत प्रवास के दौरान उन्होंने भारत के विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल तथा भाजपा विदेश विभाग प्रमुख विजय चौथाईवाले सहित कई नेताओं से मुलाकात की थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

