सीओपी31 में शामिल होने तुर्किये रवाना होंगे नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल

WhatsApp Channel Join Now
सीओपी31 में शामिल होने तुर्किये रवाना होंगे नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल


काठमांडू, 07 नवंबर (हि.स.)। नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल 31वें संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन (सीओपी31) में हिस्सा लेने के लिए 7 नवंबर को नेपाली प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए तुर्किये के अंताल्या रवाना होंगे।

संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन 9 से 20 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। नेपाल के विदेश मंत्रालय के अनुसार, विदेश मंत्री खनाल 9 नवंबर को सीओपी31 के उद्घाटन पूर्ण सत्र को संबोधित करेंगे।

विदेश मंत्री 11 व 12 नवंबर को आयोजित होने वाले नेताओं के शिखर सम्मेलन (लीडर्स समिट) में भी हिस्सा लेंगे। इसके अलावा, विदेश मंत्री खनाल कई उच्चस्तरीय कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। इनमें नेपाल, ताजिकिस्तान, किर्गिज गणराज्य, भूटान और पाकिस्तान की संयुक्त मेजबानी में आयोजित होने वाला 'पर्वतीय एजेंडे को आगे बढ़ाना : जलवायु परिवर्तन के बढ़ते प्रभाव, ग्लेशियर, क्रायोस्फीयर, लचीलापन, साझा जिम्मेदारी और सतत वित्तपोषण' विषयक कार्यक्रम भी शामिल है।

उनके कार्यक्रम में कई अन्य साइडलाइन बैठकें भी शामिल हैं। इस दौरान वह विभिन्न देशों के अपने समकक्षों और अन्य विशिष्ट प्रतिनिधियों के साथ द्विपक्षीय मुलाकातें भी करेंगे। इसके बाद वह 14 नवंबर को स्वदेश लौटेंगे।

नेपाली प्रतिनिधिमंडल में कृषि, वन एवं पर्यावरण मंत्री गीता चौधरी, राष्ट्रीय योजना आयोग के सदस्य प्रो. डॉ. संजय आचार्य, कृषि, वन एवं पर्यावरण मंत्रालय के सचिव डॉ. राजेंद्र प्रसाद मिश्र सहित सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773737 Articles

Share this story