चार दिवसीय चीन यात्रा पर बीजिंग पहुंचे नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल
काठमांडू, 14 जून (हि.स.)। नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल अपने चीनी समकक्ष वांग यी के निमंत्रण पर चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर चीन पहुंच गए हैं। वह आज सुबह ही चीन के लिए रवाना हुए थे।
बीजिंग स्थित नेपाली दूतावास के अनुसार मंत्री खनाल स्थानीय समयानुसार आज दोपहर चीन की राजधानी बीजिंग पहुंचे। हवाई अड्डे पर उनका स्वागत चीन में नेपाल के कार्यवाहक राजदूत रोशन खनाल तथा चीनी विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने किया। विदेश मंत्री के सम्मान में आज शाम बीजिंग स्थित नेपाली दूतावास की ओर से एक स्वागत समारोह का आयोजन किया गया है। दूतावास ने बताया कि इस कार्यक्रम के दौरान मंत्री खनाल नेपाली समुदाय के सदस्यों से भी संवाद करेंगे।
इस यात्रा के दौरान मंत्री खनाल और चीनी विदेश मंत्री वांग यी के बीच द्विपक्षीय वार्ता होना प्रस्तावित है। वार्ता में नेपाल-चीन संबंधों को और मजबूत बनाने तथा आपसी सहयोग को विस्तार देने के विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी। इसके अलावा विदेश मंत्री की चीन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें भी निर्धारित हैं।
यात्रा के दौरान विदेश मंत्री बीजिंग स्थित नेपाली दूतावास के एक निवेश सम्मेलन में भी भाग लेंगे, जिसका उद्देश्य नेपाल में विदेशी निवेश आकर्षित करना है। वह चीनी उद्यमियों के साथ भी मुलाकात और संवाद करेंगे। विदेश मंत्री खनाल 16 जुलाई को स्वदेश लौटेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

