नेपाल में आई बाढ़ में बहने से 191 वाहन और 344 लोग लापता
काठमांडू, 17 सितंबर (हि.स.)। नेपाल के रसुवा जिले में 26 अगस्त को भोटेकोशी नदी में आई विनाशकारी बाढ़ से नेपाल यातायात व्यवसायी राष्ट्रीय महासंघ के अंतर्गत आने वाले 191 वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। बाढ़ में इन वाहनों के चालक, सहचालक और यात्रियों समेत 344 लोग लापता हैं।
महासंघ के महासचिव डेकनाथ गौतम के अनुसार, बाढ़ से देशभर की नौ यातायात कंपनियों के वाहन प्रभावित हुए हैं। नेपाल अरनिको यातायात सेवा प्राइवेट लिमिटेड की 19 बस, एक मिनीट्रक, दो जीप और चार कंटेनर बाढ़ में बह गए हैं, जबकि 50 मजदूर लापता हैं।
इसी तरह पासाड़ ल्हामु यातायात प्राइवेट लिमिटेड, बालाजु की 19 बसें और 21 लोग लापता हैं। भक्तपुर न्यू विजन यातायात प्राइवेट लिमिटेड के दो कंटेनर मलबे में दबने से दो चालक लापता हैं।
हिमालयन यातायात कंपनी के चार ट्रक, 16 कंटेनर और एक सुमो वाहन बह गए हैं और 10 चालक लापता हैं। वहीं, नेपाल टिपर तथा ट्रक व्यवसायी समिति के सात टिपर, 22 कंटेनर, 23 ट्रक और एक ट्रेलर बाढ़ के मलबे में दब गए हैं, जबकि 45 चालक लापता हैं।
नारायणी यातायात व्यवसायी कंपनी प्राइवेट लिमिटेड के 59 ट्रक और कंटेनर बह गए हैं तथा 70 लोग लापता हैं। नेपाल माइक्रो कंपनी की 9 माइक्रोबस भी बाढ़ की चपेट में आई हैं।
इसी तरह पृथ्वी राजमार्ग संचालक कंपनी की एक बस क्षतिग्रस्त होने से एक चालक और 22 यात्री लापता हैं। धाडिंग यातायात प्राइवेट लिमिटेड की एक बस के बह जाने से इसमें सवार एक चालक और 25 तीर्थयात्री लापता बताए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

