नेपाल में रसुवा की बाढ़ के बाद स्वास्थ्य आपातकालीन प्रणाली सक्रिय, काठमांडू के सभी अस्पताल अलर्ट पर

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल में रसुवा की बाढ़ के बाद स्वास्थ्य आपातकालीन प्रणाली सक्रिय, काठमांडू के सभी अस्पताल अलर्ट पर


काठमांडू, 26 अगस्त (हि.स.)। रसुवा में आई भीषण बाढ़ से संभावित मानवीय क्षति को ध्यान में रखते हुए नेपाल सरकार ने स्वास्थ्य आपातकालीन प्रणाली सक्रिय कर दी है। प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्यकर्मियों और स्वास्थ्य संस्थानों को सतर्क रखते हुए घायलों के उपचार तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल उच्चस्तरीय अस्पताल में रेफर करने की व्यवस्था की गई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता डॉ. समीर अधिकारी के अनुसार बाढ़ की सूचना मिलने के बाद से ही मंत्रालय सुबह से सतर्क है। प्रभावित क्षेत्रों के स्वास्थ्य संस्थानों और स्वास्थ्यकर्मियों को तैयारी की स्थिति में रहने के लिए कहा गया है। साथ ही मंत्रालय के तहत हेल्थ इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर को भी सक्रिय कर दिया गया है।

डॉ. अधिकारी ने बताया कि रसुवा और आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से प्राथमिक उपचार और ट्रायज की व्यवस्था की जाएगी। स्थानीय स्तर पर उपचार संभव नहीं होने वाले गंभीर घायलों को हब अस्पतालों में रेफर कर आगे का इलाज कराया जाएगा। इसके लिए पहले से तैयार आपदा कार्ययोजना को लागू कर दिया गया है।

मंत्रालय ने बताया कि वीर अस्पताल, ट्रामा सेंटर और त्रिभुवन विश्वविद्यालय शिक्षण अस्पताल (टिचिंग अस्पताल) सहित प्रमुख हब अस्पतालों को संभावित गंभीर घायलों के उपचार के लिए तैयार रखा है। प्रभावित क्षेत्रों से रेफर होकर आने वाले मरीजों के उपचार और प्रबंधन की व्यवस्था काठमांडू के बड़े अस्पतालों में की जा रही है।

प्रवक्ता अधिकारी के अनुसार त्रिशूली अस्पताल, रसुवा अस्पताल, धुन्चे अस्पताल तथा आसपास के स्थानीय स्वास्थ्य संस्थानों के बीच समन्वय किया गया है। मरीज की स्थिति के आधार पर स्थानीय स्तर पर उपचार करने या तत्काल उच्चस्तरीय अस्पताल में रेफर करने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि आपदा की स्थिति के लिए प्रत्येक अस्पताल की अपनी कार्ययोजना होती है। स्थानीय अस्पताल में उपचार संभव नहीं होने पर मरीज को हब अस्पताल भेजने और वहां गंभीर मरीजों का इलाज करने की प्रणाली फिलहाल सक्रिय कर दी गई है।

बाढ़ में गंभीर रूप से घायल होकर काठमांडू पहुंचने वाले लोगों की सटीक संख्या अभी उपलब्ध नहीं है। मंत्रालय घायलों और प्रभावित लोगों का विवरण संकलित तथा अपडेट कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार, पूरी जानकारी प्राप्त होने के बाद इसे सार्वजनिक किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story