भोटेकोशी बाढ़ में सार्वजनिक यातायात क्षेत्र के 676 लोग अब भी लापता, 140 करोड़ रुपये का नुकसान

WhatsApp Channel Join Now
भोटेकोशी बाढ़ में सार्वजनिक यातायात क्षेत्र के 676 लोग अब भी लापता, 140 करोड़ रुपये का नुकसान


काठमांडू, 27 नवंबर (हि.स.)। नेपाल के भोटेकोशी नदी में 26 अगस्त को आई विनाशकारी बाढ़ से सार्वजनिक यातायात क्षेत्र में हुए मानवीय और भौतिक नुकसान का विवरण सार्वजनिक किया गया है। बाढ़ में सार्वजनिक यातायात क्षेत्र से जुड़े कुल 782 लोग प्रभावित हुए हैं, जिनमें 676 लोग अब भी लापता हैं। वहीं, 39 लोगों की मौत हुई है और तीन लोग घायल हुए हैं।

यातायात क्षेत्र को हुए नुकसान के आकलन के लिए गठित समिति ने अपनी रिपोर्ट भौतिक पूर्वाधार मंत्री सुनील लम्साल को सौंप दी है। रिपोर्ट में बाढ़ प्रभावित यातायात श्रमिकों, व्यवसायियों और पीड़ित परिवारों के लिए राहत, मुआवजा, सामाजिक सुरक्षा और पुनर्वास की व्यवस्था करने की सिफारिश की गई है। क्षति मूल्यांकन समिति की रिपोर्ट के अनुसार, प्रभावित 782 लोगों में 532 चालक, 111 सहचालक, 106 यात्री और 33 यातायात व्यवसायी शामिल हैं। इनमें 676 लोग लापता, 39 मृत, 64 का विवरण स्पष्ट नहीं और तीन घायल बताए गए हैं।

14 विदेशी पर्यटक और 103 विदेशी तीर्थयात्री भी लापता

रिपोर्ट में 14 विदेशी पर्यटकों के भी बाढ़ में लापता होने का उल्लेख है। इनमें 13 ऑस्ट्रेलियाई और एक अमेरिकी नागरिक शामिल हैं। इसके अलावा, नमस्ते पासाङल्हामु यातायात प्राइवेट लिमिटेड की चार बसों में यात्रा कर रहे 103 विदेशी तीर्थयात्री भी लापता बताए गए हैं। हालांकि, इन तीर्थयात्रियों का विस्तृत व्यक्तिगत विवरण उपलब्ध नहीं हो सका है।

409 वाहनों को नुकसान, 140 करोड़ रुपये से अधिक की क्षति

भोटेकोशी बाढ़ से सार्वजनिक यातायात क्षेत्र के कुल 409 वाहनों को नुकसान पहुंचा है। इनमें 311 कंटेनर, एक ट्रेलर, नौ टिपर, 33 ट्रक, 39 बस, नौ मिनी बस और माइक्रोबस, एक मोटरसाइकिल, तीन पर्यटक चारपहिया वाहन तथा तीन सार्वजनिक जीप, वैन और सूमो शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार, 409 में से 384 वाहनों की अनुमानित क्षति 140 करोड़ 73 लाख 77 हजार 875 नेपाली रुपये आंकी गई है। बाकी 25 वाहनों के नुकसान का वित्तीय विवरण उपलब्ध नहीं हो पाया है।

राहत और पुनर्वास के लिए तत्काल कदम उठाने की सिफारिश

यातायात व्यवस्था विभाग के तत्कालीन महानिदेशक राजीव पोखरेल की अध्यक्षता में 26 भाद्र को 13 सदस्यीय क्षति मूल्यांकन समिति गठित की गई थी। समिति को 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने की जिम्मेदारी दी गई थी। हालांकि, निर्धारित समय में काम पूरा नहीं होने पर इसकी समयसीमा में 15 दिन की अतिरिक्त बढ़ोतरी की गई थी। रिपोर्ट सौंपे जाने के दौरान मंत्री सुनील लम्साल ने इसमें शामिल सुझावों के तत्काल कार्यान्वयन तथा यातायात श्रमिकों, व्यवसायियों और प्रभावित नागरिकों की समस्याओं एवं उनके समाधान को लेकर चर्चा की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783935 Articles

Share this story