नेपाल: 11 जलविद्युत परियोजनाओं में 898 लोग अब भी लापता

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल: 11 जलविद्युत परियोजनाओं में 898 लोग अब भी लापता


काठमांडू, 29 अगस्त (हि.स.)। रसुवा में आई बाढ़ के कारण 11 जलविद्युत परियोजनाओं में अभी भी 898 लोग संपर्कविहीन हैं। निजी विद्युत उत्पादकों की संस्था इप्पान (IPPAN) द्वारा सार्वजनिक किए गए आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक अपर त्रिशूली-1 परियोजना के 576 लोग संपर्कविहीन हैं।

रसुवा में स्थित यह परियोजना 216 मेगावाट क्षमता की है। वहीं, रसुवागढ़ी जलविद्युत परियोजना में 93 लोग लापता हैं।

इप्पान के अनुसार, रसुवा-भोटेकोशी जलविद्युत परियोजना में 4, जबकि लांगटांग जलविद्युत परियोजना में 42 लोग लापता हैं। इसी तरह चिलिमे में 8 और मेलुंग खोला जलविद्युत परियोजना में 7 लोग लापता बताए गए हैं।

नुवाकोट की ओर सबसे अधिक लोग अपर त्रिशूली-3 बी परियोजना से लापता हैं। इप्पान के ताजा आंकड़ों के अनुसार, इस परियोजना के 122 लोग लापता हैं।

अपर त्रिशूली-3 ए परियोजना में 42 लोग संपर्कविहीन हैं। वहीं, मिडिल त्रिशूली गंगा में 2, तथा त्रिशूली जलविद्युत परियोजना और देविघाट जलविद्युत परियोजना में एक-एक व्यक्ति लापता हैं।

इप्पान ने बताया कि अपर त्रिशूली-1, अपर त्रिशूली-3 ए और 3 बी की सुरंगों में करीब 300 लोग फंसे हुए हैं।

अब तक जलविद्युत परियोजनाओं से 361 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। इनमें अपर त्रिशूली-1 से 254 और लांगटांग से 18 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। वहीं, त्रिशूली-3 बी परियोजना से 91 लोगों को जीवित बचाया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story