नेपाल में 4 हिमतालों का जलस्तर घटाने और 6 नदी बेसिन में पूर्व चेतावनी प्रणाली विस्तार की योजना

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल में 4 हिमतालों का जलस्तर घटाने और 6 नदी बेसिन में पूर्व चेतावनी प्रणाली विस्तार की योजना


काठमांडू, 25 अक्टूबर (हि.स.)। नेपाल सरकार ने बाढ़ के जोखिम को कम करने के लिए चार हिमतालों का जलस्तर घटाने और छह नदी बेसिन में पूर्व चेतावनी प्रणाली का विस्तार करने की योजना आगे बढ़ाई है। ऊर्जा, जलस्रोत तथा सिंचाई मंत्रालय के अंतर्गत जलविज्ञान तथा जलस्रोत अनुसंधान केंद्र और मौसम विज्ञान विभाग ने रविवार को अलग-अलग श्वेतपत्र सार्वजनिक किए हैं।

श्वेतपत्रों में हिमतालों से आने वाली बाढ़ के जोखिम को कम करने, मौसम पूर्वानुमान में सुधार करने और जोखिम वाले समुदायों तक समय पर सूचना पहुंचाने से जुड़े कार्यक्रम शामिल किए गए हैं। इन श्वेतपत्रों में उपकरणों की संख्या बढ़ाने से लेकर मौसम पूर्वानुमान के लिए आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल तक के कार्यक्रम शामिल हैं। इनके कार्यान्वयन में बजट की निरंतर उपलब्धता, कुशल जनशक्ति और उपकरणों के नियमित रखरखाव को प्रमुख चुनौतियों के रूप में उल्लेख किया गया है।

हिमतालों से जुड़े जोखिम को कम करने के लिए प्रस्तावित ‘ग्लोफ संजीवनी’ परियोजना के तहत मनांग जिले के ठुलागी, संखुवासभा जिले के लोअर बरुण तथा सोलुखुम्बु जिले के लुम्दिंग छो और होंगु-2 हिमतालों का जलस्तर घटाने की योजना है। हिमताल के फटने से अचानक आने वाली बाढ़ को ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड कहा जाता है। इस तरह की बाढ़ से निचले इलाकों में रहने वाले समुदायों, बुनियादी ढांचे और जलविद्युत परियोजनाओं को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766402 Articles

Share this story