नेपाल के पूर्व उपप्रधानमंत्री टोपबहादुर रायमाझी जेल से रिहा

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल के पूर्व उपप्रधानमंत्री टोपबहादुर रायमाझी जेल से रिहा


नेपाल के पूर्व उपप्रधानमंत्री टोपबहादुर रायमाझी जेल से रिहा


काठमांडू, 12 नवंबर (हि.स.)। नेपाल के पूर्व उपप्रधानमंत्री और सीपीएन-यूएमएल के नेता टोपबहादुर रायमाझी जेल से रिहा हो गए हैं। फर्जी भूटानी शरणार्थी घोटाले में सजा काट रहे रायमाझी को वरिष्ठ नागरिकों को मिलने वाली कानूनी छूट के प्रावधान के तहत रिहा किया गया है।

जेल प्रशासन ने बताया, उन्हें उनकी पत्नी और परिवार के कुछ अन्य सदस्यों को सौंप दिया गया। वह आज सुबह जेल से बाहर चले गए। टोपबहादुर रायमाझी 65 वर्ष के हो चुके हैं। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को मिलने वाली सुविधाओं का लाभ लेने के आधार पर रिहाई की मांग करते हुए अदालत में आवेदन दिया था।

उनके आवेदन के बाद अदालत ने संशोधित जेल वारंट जारी करते हुए वरिष्ठ नागरिकों को मिलने वाली कानूनी छूट का लाभ देने का आदेश दिया। काठमांडू जिला अदालत ने इस फैसले की जानकारी देते हुए जेल प्रशासन को पत्र भी भेजा था। मौजूदा कानूनी प्रावधान के अनुसार, वरिष्ठ नागरिकों को जेल की सजा में 25 प्रतिशत की छूट देने का प्रावधान है।

फर्जी भूटानी शरणार्थी घोटाले में रायमाझी को 15 मई 2023 को गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में उन्हें चार साल की कैद और 40 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई थी। अदालत ने पूर्व उपप्रधानमंत्री को ठगी, संगठित अपराध और राज्य के खिलाफ अपराध का दोषी ठहराया था।

अदालत ने ठगी के मामले में दो साल की कैद और 20 हजार रुपये जुर्माना, संगठित अपराध में तीन साल की कैद और 30 हजार रुपये जुर्माना तथा राज्य के खिलाफ अपराध में एक साल छह महीने की कैद और 15 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। इसी अपराध के तहत अतिरिक्त छह महीने की कैद भी सुनाई गई थी।

हालांकि, अलग-अलग अपराधों में सुनाई गई सजाओं की अवधि एक-दूसरे के साथ जुड़ने के कारण अदालत ने सभी सजाओं का समायोजन करते हुए कुल चार साल की कैद और 40 हजार रुपये जुर्माने का अंतिम फैसला सुनाया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775630 Articles

Share this story