संसदीय चुनाव में सुरक्षा को लेकर नेपाली सेना ने सड़कों पर उतारी बख्तरबंद गाड़ियां

WhatsApp Channel Join Now
संसदीय चुनाव में सुरक्षा को लेकर नेपाली सेना ने सड़कों पर उतारी बख्तरबंद गाड़ियां


संसदीय चुनाव में सुरक्षा को लेकर नेपाली सेना ने सड़कों पर उतारी बख्तरबंद गाड़ियां


काठमांडू, 01 मार्च (हि.स.)। निर्वाचन के दौरान में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सेना ने पैदल, मोटरसाइकिल, सवारी साधन तथा बख्तरबंद वाहनों के माध्यम से गश्त शुरू कर दी है। नेपाली सेना ने प्रतिनिधि सभा सदस्य निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया है।

नेपाल में 5 मार्च को होने वाले संसदीय निर्वाचन को ध्यान में रखते हुए सेना ने अत्याधुनिक सैन्य वाहनों सहित व्यापक सुरक्षा गश्त और निगरानी शुरू करने की जानकारी दी है। इस समय राजधानी काठमांडू सहित देश के सभी प्रमुख शहरों में हर चौक चौराहे पर सुरक्षा बल की व्यापक तैनाती के साथ ही सड़कों पर सेना की बख्तरबंद गाड़ियां देखी जा सकती है।

देश के विभिन्न मतदान स्थलों पर एक साथ गश्ती दल तैनात कर संभावित जोखिमों को नियंत्रण में लेने की सक्रियता बढ़ाई गई है। मतदान की तिथि नजदीक आते ही पूरे देश में सुरक्षा सतर्कता और कड़ी कर दी गई है। खासकर अति संवेदनशील और संवेदनशील क्षेत्रों में नेपाल पुलिस सशस्त्र प्रहरी बल के साथ सेना की संयुक्त गश्त भी की जा रही है।

गृहमंत्री ओमप्रकाश अर्याल ने बताया कि नेपाल प्रहरी और सशस्त्र प्रहरी बल को नेपाली सेना के साथ समन्वय कर संयुक्त गश्त और सुरक्षा प्रबंधन करने का निर्देश पहले ही दिया जा चुका है। उन्होंने मतदाताओं से शांतिपूर्ण वातावरण में निर्भय होकर मतदान प्रक्रिया में सहभागी होने का आग्रह किया है। मतदान केंद्रों के आसपास विशेष निगरानी रखी गई है तथा किसी भी अवांछित गतिविधि को रोकने के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story