नेपाल में नवरात्रि के सातवें दिन फूलपाती पर्व पर हर जिला मुख्यालय पर दी जाती है बलि

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल में नवरात्रि के सातवें दिन फूलपाती पर्व पर हर जिला मुख्यालय पर दी जाती है बलि


काठमांडू, 17 अक्टूबर (हि.स.)। नेपाल में नवरात्रि पर्व के सातवें दिन अर्थात सप्तमी के अवसर पर शनिवार को परंपरा के अनुसार देशभर में फूलपाती लाने की रस्म निभाई जा रही है। साथ ही देश के सभी जिला मुख्यालय पर सरकारी स्तर पर शक्तिपीठों में बलि देने की परंपरा भी है।

फूलपाती विभिन्न पौधों के फूलों, पत्तियों और फलों का शुभ संग्रह होता है। नवरात्रि के सातवें दिन इसे हनुमान ढोका दरबार के दशैं घर में स्थापित कर पूजा-अर्चना की जाती है।

वैदिक विधि-विधान के अनुसार फूलपाती काठमांडू लाई जाती है और दशैं घर में स्थापित की जाती है। इस अवसर पर फूलपाती के साथ सांस्कृतिक झांकियों और पारंपरिक वेशभूषा से सुसज्जित शोभायात्रा हनुमान ढोका से जमल के लिए निकलती है। हालांकि नेपाल में दशैं पर्व (दशहरा) की शुरुआत घटस्थापना से होती है, लेकिन फूलपाती के दिन से इस पर्व की रौनक और उत्साह विशेष रूप से बढ़ जाता है।

फूलपाती के अवसर पर आज से सभी सरकारी और निजी कार्यालय बंद हो जाते हैं। इस दौरान लोग अपने-अपने पैतृक घरों को लौटते हैं और दुर्गा भवानी के साथ-साथ अपने बुजुर्गों का आशीर्वाद लेते हैं।

फूलपाती के अवसर पर आज सभी जिला प्रशासन और जिला के सुरक्षा निकायों के साथ भव्य जुलूस निकाला जाता है और सभी जिलों में रहे शक्तिपीठ में जाकर बकरे की बलि दी जाती है। जिला प्रशासन कार्यालय से एक भव्य जुलूस निकाला जाता है जिसमें सभी सरकारी कर्मचारी, सुरक्षा से जुड़े लोग, सैनिक बैंड और स्थानीय जनप्रतिनिधि से लेकर आम लोग भी शामिल होते हैं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762506 Articles

Share this story