नेपाल के सुनसरी में सांप्रदायिक तनाव के बाद कर्फ्यू लगा, झड़प में एक की मौत, 21 घायल

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल के सुनसरी में सांप्रदायिक तनाव के बाद कर्फ्यू लगा, झड़प में एक की मौत, 21 घायल


काठमांडू, 27 जुलाई (हि.स.)। नेपाल के सीमावर्ती शहर सुनसरी के देवानगंज में रविवार रात को हुई सांप्रदायिक झड़प के बाद आज सुबह से पूरे क्षेत्र में कर्फ्यू लगा दिया गया है। इस झड़प में एक व्यक्ति की मौत हुई है जबकि गोली लगने से २१ लोगों के घायल होने की सूचना है।

जिला प्रशासन कार्यालय सुनसरी ने जिले के विभिन्न पांच क्षेत्रों में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगाने का आदेश जारी किया है। प्रमुख जिला अधिकारी (सीडीओ) बासुदेव घिमिरे ने स्थानीय प्रशासन अधिनियम की धारा ६ (क) के तहत सोमवार सुबह ७ बजे से लागू होने वाले कर्फ्यू आदेश जारी किए हैं।

चार सीमाओं को निर्धारित करते हुए यह कर्फ्यू अगला नोटिस जारी होने तक प्रभावी रहेगा। कल देर रात सुनसरी के देवानगंज में दो समूहों के बीच हुई झड़प को नियंत्रित करने के लिए पुलिस द्वारा चलाई गई गोली से एक व्यक्ति की मौत और २१ लोगों के घायल होने के बाद उस क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण हो गई है।

कर्फ्यू लागू किए गए क्षेत्रों में आवाजाही करने, किसी भी प्रकार की सभा, जुलूस, प्रदर्शन, बैठक और घेराव करने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा दिया गया है।

सीडीओ के आदेशानुसार जिन क्षेत्रों में कर्फ्यू में लागू किया गया है, उनमें हरिनगरा बाजार क्षेत्र (पूर्व में नूनिया टोल, पश्चिम में पश्चिम खुनिया धार, उत्तर में हरिनगर गाउनपालिका कार्यालय और दक्षिण में बसंतपुर मोड़), भुटाहा बाजार क्षेत्र (पूर्व में मोरीया धार खोला, पश्चिम में ईदगाह फील्ड, उत्तर में सुनसरी खोला और दक्षिण में हरिनगर गाउपालिका कार्यालय) तथा कसनागंज बाजार क्षेत्र (पूर्व में यादव टोल, पश्चिम में पाँचौ सिमल माध्यमिक विद्यालय, उत्तर में कृष्ण माध्यमिक विद्यालय और दक्षिण में नेपाल-भारत सीमा क्षेत्र) शामिल हैं।

स्थानीय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कर्फ्यू लागू वाले क्षेत्रों में आवाजाही और लोगों के इकट्ठा होने पर पाबंदी रहेगी। इसके अलावा, घुस्की बाजार क्षेत्र (पूर्व में कासमिया मदरसा, पश्चिम में पुलिस चौकी घुस्की, उत्तर में ईशा हार्डवेयर और दक्षिण में हिलाल पब्लिक स्कूल) तथा देवानगंज बाजार क्षेत्र (पूर्व में विराटनगर जाने वाले रास्ते का मुसहर टोल, पश्चिम में मोरीया खोला, उत्तर में चिउरा मिल और दक्षिण में गाउनपालिका कार्यालय) की चार सीमाओं के भीतर भी कर्फ्यू का आदेश जारी किया गया है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story