नेपाल-कंबोडिया मानव तस्करी और साइबर अपराध के खिलाफ बढ़ाएंगे सहयोग

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल-कंबोडिया मानव तस्करी और साइबर अपराध के खिलाफ बढ़ाएंगे सहयोग


काठमांडू, 07 जुलाई (हि.स.)। नेपाल और कंबोडिया मानव तस्करी, साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी (स्कैम) अभियानों के खिलाफ आपसी सहयोग को और मजबूत करने पर सहमत हुए हैं। दोनों पक्षों ने विभिन्न क्षेत्रों में अपने दीर्घकालिक द्विपक्षीय संबंधों को और गहरा करने की अपनी प्रतिबद्धता को भी दोहराया है।

कंबोडिया के फ्रोम पेन्ह में एक उच्च स्तरीय द्विपक्षीय बैठक के दौरान नेपाल के राजदूत धन बहादुर ओली ने कंबोडिया के विदेश मंत्रालय और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग मंत्रालय की स्थायी राज्य सचिव ईट सोफिया से मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्षों ने सीमा पार संगठित अपराध से निपटने, खुफिया व सूचनाओं के आदान-प्रदान को मजबूत करने और संस्थागत क्षमता के निर्माण के लिए संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की।

नेपाली दूतावास के अनुसार राजदूत ओली ने कंबोडिया में चल रहे ऑनलाइन स्कैम सेंटरों से नेपाली नागरिकों को सुरक्षित निकालने में सहयोग के लिए कंबोडिया की शाही सरकार को धन्यवाद दिया। बैठक में सार्वजनिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग के विस्तार पर भी चर्चा की गई। हाल ही में नेपाल ने कंबोडियाई भागीदारों के सहयोग से नेपाल नेत्र ज्योति संघ और लुम्बिनी आई इंस्टीट्यूट एंड रिसर्च सेंटर (राणा-अंबिका आई हॉस्पिटल) के संयुक्त प्रयासों से कंबोडिया के कम्पोंग चाम प्रांत में एक मुफ्त आंख उपचार शिविर का आयोजन किया था।

कंबोडिया ने इस पहल की सराहना की, जबकि नेपाल ने कंबोडियाई नागरिकों की बढ़ती मांग को देखते हुए आंखों की देखभाल में तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान करने और एक और उन्नत नेत्र उपचार शिविर आयोजित करने की इच्छा जताई। दोनों पक्षों ने उपयुक्त द्विपक्षीय समझौतों और संस्थागत तंत्रों के माध्यम से व्यापार और निवेश को बढ़ावा देकर आर्थिक संबंधों को मजबूत करने पर भी चर्चा की। वे शिक्षा, कृषि और पर्यटन में सहयोग की संभावनाएं तलाशने पर सहमत हुए।

दोनों देशों के बीच पर्यटन की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए दोनों पक्षों ने भगवान बुद्ध की जन्मस्थली लुम्बिनी और कंबोडिया के प्रसिद्ध सांस्कृतिक व धार्मिक विरासत स्थल 'अंगकोर वाट' के बीच संपर्क को मजबूत करके बौद्ध और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। अधिकारियों ने मौजूदा सहयोग की समीक्षा करने और साझेदारी के नए क्षेत्रों की पहचान करने के लिए नेपाल और कंबोडिया के विदेश मंत्रालयों के बीच जल्द से जल्द 'द्विपक्षीय परामर्श तंत्र' की बैठक बुलाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story