नेपाल में 22 करोड़ रुपये की कोकीन के साथ भारतीय नागरिक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल में 22 करोड़ रुपये की कोकीन के साथ भारतीय नागरिक गिरफ्तार


नेपाल में 22 करोड़ रुपये की कोकीन के साथ भारतीय नागरिक गिरफ्तार


- अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क का मुख्य सदस्य होने का दावा

काठमांडू, 15 नवंबर (हि.स.)। नेपाल में करीब 22 करोड़ रुपये मूल्य की कोकीन के साथ त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक भारतीय नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। वह 14 नवंबर को थाईलैंड से काठमांडू पहुंचा था।

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के एसपी एवं प्रवक्ता दुर्गाराज रेग्मी ने बताया कि भारत के महाराष्ट्र निवासी 52 वर्षीय रेवाज तिघरी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक हवाई मार्ग से ड्रग्स की तस्करी की आशंका को देखते हुए संदिग्ध व्यक्तियों की प्रोफाइलिंग की जा रही थी। इसी क्रम में रेवाज तिघरी को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस जांच में पता चला है कि वह इससे पहले दो बार नेपाल आ चुका है। पहली बार उसने हवाई मार्ग से नेपाल की यात्रा की थी, जबकि दूसरी बार भारत से सड़क मार्ग के जरिए नेपाल पहुंचा था। एसपी रेग्मी के अनुसार उसने लाओस के अलावा जिम्बाब्वे, सूडान, बांग्लादेश, वियतनाम और कंबोडिया की भी यात्रा की है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार व्यक्ति अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क का एक प्रमुख सदस्य है। उसके पास से मैकेनिकल इंजीनियरिंग का प्रमाणपत्र भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार उसके पास से बरामद साढ़े पांच किलो कोकीन की बाजार कीमत करीब 22 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद कोकीन भारत पहुंचाई जानी थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777364 Articles

Share this story