नेपाल के चितवन राष्ट्रीय उद्यान के सौराहा में दिखा सफेद हाथी

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल के चितवन राष्ट्रीय उद्यान के सौराहा में दिखा सफेद हाथी


नेपाल के चितवन राष्ट्रीय उद्यान के सौराहा में दिखा सफेद हाथी


काठमांडू, 05 अगस्त (हि.स.)। नेपाल के चितवन राष्ट्रीय उद्यान के सौराहा क्षेत्र में नया सफेद जंगली हाथी दिखा है। इसकी उम्र का अनुमान लगभग 18 से 19 वर्ष लगाया गया है। यह करीब दो सप्ताह से इस क्षेत्र में विचरण कर रहा है।

राष्ट्रीय उद्यान के सहायक संरक्षण अधिकारी प्रवीण पौडेल के अनुसार, यह हाथी फिलहाल सौराहा बफर जोन में रह रहा है। हाल ही में वह हाथी प्रजनन केंद्र तक पहुंचाा, लेकिन वहां मौजूद अन्य जंगली हाथियों ने उसे खदेड़ दिया।

पौडेल ने बताया कि अब यह हाथी राष्ट्रीय उद्यान तथा राष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण न्यास के हाथियों के संरक्षित क्षेत्रों के आसपास घूम रहा है। अब तक इसने किसी मानव बस्ती में प्रवेश नहीं किया है और न ही किसी प्रकार का नुकसान पहुंचाया है।

प्रवीण पौडेल के अनुसार, युवा नर हाथी कई बार अपने झुंड से अलग होकर अकेले रहने लगते हैं। चूंकि हाथियों के झुंड का नेतृत्व मादा हाथी करती हैं, इसलिए शरारती या आक्रामक युवा नर हाथियों को झुंड की मुखिया बाहर निकाल देती है। यह बात पूर्व में किए गए अध्ययनों में भी सामने आई है।

उन्होंने कहा कि यह सफेद हाथी अपना अधिकांश समय सौराहा के मध्य क्षेत्र में बिता रहा है और समय-समय पर मादा हाथियों की तलाश में बाड़े तक पहुंच जाता है। चितवन राष्ट्रीय उद्यान में पहले से ही ध्रुवे, गोविन्दे और रोनाल्डो जैसे कई अकेले रहने वाले जंगली हाथी मौजूद हैं। इनसे पहले रोमियो, नाना पाटेकर और मकुना नाम के जंगली हाथी भी इस उद्यान में घूमते रहे हैं। इनमें से मकुना को लोगों पर हमला करने की कोशिश के दौरान आत्मरक्षा में गोली मार दी गई थी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई थी। उद्यान अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story