नेपाल-चीन व्यापार मार्ग के सीमा क्षेत्र में भूस्खलन, सशस्त्र पुलिस की बीओपी को नुकसान

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल-चीन व्यापार मार्ग के सीमा क्षेत्र में भूस्खलन, सशस्त्र पुलिस की बीओपी को नुकसान


काठमांडू, 07 अगस्त (हि.स.)। नेपाल-चीन सीमा के सबसे व्यस्त व्यापारिक नाका सिंधुपालचोक जिले की भोटेकोशी तातोपानी क्षेत्र में भूस्खलन होने से सशस्त्र प्रहरी बल (एपीएफ) के सीमा सुरक्षा बेस (बीओपी) को नुकसान पहुंचा है। हालांकि, इस घटना में किसी भी प्रकार की मानवीय क्षति नहीं हुई है।

सशस्त्र प्रहरी बल के अनुसार, गुरुवार देररात करीब 1:15 बजे बीओपी के उत्तर-पश्चिम दिशा में स्थित लगभग 200 से 300 मीटर ऊंची पहाड़ी से भूस्खलन हुआ। भूस्खलन के साथ बड़े-बड़े पत्थर बीओपी परिसर तक आ पहुंचे, जिससे वहां की विभिन्न संरचनाओं को नुकसान पहुंचा।

भूस्खलन के कारण पहली पंक्ति की बैरक की एक खिड़की का शीशा टूट गया, जबकि दूसरी पंक्ति की बैरक की दीवार और टीन की छत में कई जगह छेद हो गए। इसके अलावा, एक ड्यूटी पोस्ट पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि दूसरी ड्यूटी पोस्ट को आंशिक नुकसान पहुंचा है। परिसर में लगा राष्ट्रीय ध्वज का पोल भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

सशस्त्र प्रहरी बल ने बताया कि इस दौरान बाथरूम, भंडार स्टोर भवन तथा मुख्य प्रवेश द्वार के सामने बनी सीढ़ियों को भी नुकसान पहुंचा है।

अधिकारियों ने बताया कि घटना में किसी सुरक्षाकर्मी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story