नेपाल में जंगली हाथियों के घुसने की आशंका, झापा के सीमावर्ती इलाके में सुरक्षा कड़ी

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल में जंगली हाथियों के घुसने की आशंका, झापा के सीमावर्ती इलाके में सुरक्षा कड़ी


काठमांडू, 12 नवंबर (हि.स.)। नेपाल-भारत सीमा से लगे झापा जिले के मेचीनगर नगरपालिका स्थित प्रसाद गौड़ा इलाके से जंगली हाथियों के नेपाल में प्रवेश की कोशिश के बाद सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

मुख्य जिला अधिकारी श्रवण कुमार पोखरेल ने बताया कि हाथियों को वापस भारत की ओर खदेड़ने के लिए आज से सुरक्षा उपाय बढ़ा दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि हाथियों का झुंड नेपाल में प्रवेश कर स्थानीय लोगों के घरों और पकने की अवस्था में पहुंच चुकी धान की फसल को नुकसान पहुंचा रहा है।

हाथियों को नेपाल में प्रवेश करने से रोकने और संभावित नुकसान को कम करने के लिए सशस्त्र प्रहरी बल की बीओपी बहुंडांगी, नेपाल पुलिस, डिविजन वन कार्यालय के वन रक्षक, रैपिड रिस्पॉन्स टीम, विभिन्न संगठनों और स्थानीय किसानों को तैनात किया गया है।

हाथियों को रोकने के लिए सुरक्षाकर्मी, वन अधिकारी और स्थानीय लोग विभिन्न उपकरणों तथा वाहनों की मदद ले रहे हैं। इस अभियान में लाउडस्पीकर से लैस 10 से अधिक छोटे सायरन, सशस्त्र प्रहरी बल के दो बड़े सायरन और डिविजन वन कार्यालय तथा सुरक्षा एजेंसियों के कई सायरनयुक्त वाहन तैनात किए गए हैं। इनमें वन कार्यालय और सशस्त्र प्रहरी बल का एक-एक वाहन तथा नेपाल पुलिस का एक बड़ा सायरनयुक्त वाहन शामिल है।

इसके अलावा गश्त और निगरानी को मजबूत करने के लिए 90 से अधिक हाई-पावर लाइटें, तीन ट्रैक्टर और 10 से अधिक मोटरसाइकिलें भी तैनात की गई हैं।

स्थानीय प्रशासन ने संभावित खतरे को देखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों के निवासियों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775652 Articles

Share this story