नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री देउवा और उनकी पत्नी के खिलाफ जांच शुरू, आय से अधिक संपत्ति का मामला

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री देउवा और उनकी पत्नी के खिलाफ जांच शुरू, आय से अधिक संपत्ति का मामला


काठमांडू, 29 मार्च (हि.स.)। नेपाल में बालेन्द्र शाह की सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउवा और उनकी पत्नी डॉ. आरजू देउवा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में जांच आगे बढ़ाई है।

सत्ता के संरक्षण में अस्वाभाविक और गैरकानूनी संपत्ति अर्जित करने के आरोप में इससे पहले ही देउवा परिवार के खिलाफ संपत्ति शुद्धिकरण अनुसंधान विभाग में शिकायत दर्ज की गई थी। संपत्ति शुद्धिकरण विभाग के अनुसार, पहले से जुटाई गई सूचनाओं और प्रमाणों को संकलित कर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

गृह मंत्रालय और नेपाल पुलिस से जुड़े स्रोतों के मुताबिक, पिछले एक से डेढ़ वर्ष के दौरान शेरबहादुर, आरजू के साथ उनके बेटे जयवीर देउवा और उनके निकट संबंधियों के नाम पर खरीदी गई करीब 73 बीघा जमीन का विवरण संकलित किया गया है।

संपत्ति शुद्धिकरण विभाग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक आरजू राणा के दोनों सगे भाइयों प्रदीप शमशेर राणा और भूषण राणा सहित अन्य रिश्तेदारों के खातों में हुए लेन-देन का विवरण भी जुटाया जा रहा है। संपत्ति शुद्धिकरण अनुसंधान विभाग के एक अधिकारी ने कहा, “इसी क्रम में बूढ़ानीलकंठ स्थित देउवा निवास को तोड़ने के काम पर रोक लगाई गई है।”

देउवा परिवार ने बूढ़ानीलकंठ में एक ही परिसर के भीतर दो बंगले बनाए थे, जिनको लेकर पहले ही शिकायत दर्ज हो चुकी थी। जेनजी आंदोलन के दौरान देउवा परिवार पर हमला हुआ था और घर में आगजनी की घटना हुई थी। जहां कथित तौर पर करोड़ों रुपए और लाखों अमेरिकी डॉलर के जलने के सबूत भी मिले थे।

पिछले कुछ दिनों से देउवा परिवार के निर्देश पर मजदूरों को लगाकर क्षतिग्रस्त भवन को तोड़ने का काम किया जा रहा था। पुलिस स्रोतों के अनुसार, “भवन से जुड़े सबूतों पर असर पड़ने और उनके नष्ट होने की आशंका के कारण उच्चाधिकारियों के निर्देश पर घर तोड़ने का काम रोक दिया गया है।”

नकली भूटानी शरणार्थी प्रकरण में भी आरजू राणा की संलिप्तता की जांच दोबारा शुरू की गई है। नेपाल पुलिस की केन्द्रीय अनुसंधान ब्यूरो इस मामले की जांच में जुट गई है। नेपाल में रहे भूटानी शरणार्थी के नाम पर तिब्बती, नेपाली और चीनी नागरिकों को अमेरिका भेजा गया था। इस मामले में प्रति व्यक्ति से 65 लाख रुपए से 1 करोड़ रुपए तक वसूले जाने की बात जांच के सामने आई है।

इस समय शेरबहादुर देउवा और उनका परिवार सिंगापुर में हैं। गृह मंत्रालय के निर्देश के बाद देउवा दंपत्ति और उनके परिवार वालों को नेपाल लाने के लिए इंटरपोल से समन्वय किया जा रहा है। नेपाल पुलिस आज ही इंटरपोल को पत्र लिख कर देउवा दंपत्ति को नेपाल वापस लाने का आग्रह करने वाली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story