अंग्रेजों पर ऐतिहासिक जीत की याद में नेपाली सेना की पदयात्रा बेल्टारी पहुंची
काठमांडू, 12 अप्रैल (हि.स.)। नेपाली सेना की ऐतिहासिक गोरखा–जितगढी पदयात्रा रविवार को तनहुँ के व्यास नगरपालिका–11 स्थित बेल्टारी पहुंच गई है। नेपाल के गौरवशाली इतिहास और ऐतिहासिक पदमार्ग के संरक्षण के उद्देश्य से यह पदयात्रा शनिवार को गोरखा दरबार से शुरू की गई थी।
नेपाली सेना ने इस पदयात्रा को ‘नेपाल एकीकरण मार्ग’ के संरक्षण अभियान के तहत शुरू किया है। इसका मुख्य उद्देश्य नेपाल एकीकरण के दौरान गोर्खाली सेना द्वारा उपयोग किए गए पुराने रास्तों और ऐतिहासिक किलों (गढ़ियों) का संरक्षण और संवर्द्धन करना है।
सेना पिछले कुछ वर्षों से नियमित रूप से गोरखा से जितगढी तक यह पदयात्रा आयोजित करती आ रही है। पदयात्री दल विभिन्न ऐतिहासिक किलों और गढ़ियों को पार करते हुए २० अप्रैल को बुटवल स्थित जितगढी पहुंचकर इस यात्रा का समापन करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

