नेपाल में बालेंद्र शाह सरकार ने सीमा क्षेत्रों से जब्त किया 133 करोड़ रुपये से अधिक का अवैध सामान

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल में बालेंद्र शाह सरकार ने सीमा क्षेत्रों से जब्त किया 133 करोड़ रुपये से अधिक का अवैध सामान


काठमांडू, 02 नवंबर (हि.स.)। नेपाल में प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह सरकार ने सीमा पर निगरानी और सुरक्षा सख्त करने की नीति के अनुरूप मादक पदार्थों, हथियारों की तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। शाह के नेतृत्व वाली सरकार के सत्ता संभालने के बाद से सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) ने 27 मार्च से 31 अक्टूबर तक सीमा क्षेत्रों से 133 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का अवैध सामान जब्त किया है।

इस अवधि में एपीएफ ने 17 अवैध हथियार जब्त किए और उनसे जुड़े मामलों में आठ लोगों को गिरफ्तार किया। मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल 421 लोगों को भी गिरफ्तार किया गया। उनके पास से बड़ी मात्रा में गांजा, चरस, अफीम, ब्राउन हेरोइन, नशीली गोलियां और इंजेक्शन के जरिए इस्तेमाल की जाने वाली नशीली दवाएं जब्त की गईं। इस दौरान जब्त सामान का कुल मूल्य 133 करोड़ 26 लाख 91 हजार 599 रुपये रहा।

एपीएफ ने मानव तस्करी और अवैध रूप से लोगों को सीमा पार ले जाने के जोखिम का सामना कर रहे 167 लोगों को भी बचाया। इनमें 118 बच्चे शामिल थे। इन मामलों में कथित रूप से शामिल 91 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

सीमा अतिक्रमण रोकने के लिए एपीएफ ने सीमा के दोनों ओर स्थित दसगजा क्षेत्र के 35 स्थानों से 237 संरचनाएं हटाईं। इसके अलावा 17 स्थानों पर 7.448 बीघा जमीन से फसलों को हटाया गया। बल ने 204 स्थानों पर सीमा क्षेत्र के 94.588 किलोमीटर हिस्से की सफाई भी की।

एपीएफ के अनुसार इस अवधि में सीमा क्षेत्र के समुदायों के साथ संबंध मजबूत करने और जनजागरूकता बढ़ाने के लिए 2,806 कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके अतिरिक्त बल के 141 सहायता डेस्कों से 3,49,908 लोगों और 13 पर्यटक सहायता डेस्कों से 10,654 लोगों को लाभ मिला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771037 Articles

Share this story