नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के भारत भ्रमण की औपचारिक घोषणा, 22 -23 नवंबर को रहेंगे राजकीय यात्रा पर

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के भारत भ्रमण की औपचारिक घोषणा, 22 -23 नवंबर को रहेंगे राजकीय यात्रा पर


काठमांडू, 20 नवंबर (हि.स.)। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह 22 से 23 नवंबर तक भारत की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर रहेंगे। भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मैत्रीपूर्ण निमंत्रण पर होने वाली इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों और आपसी सहयोग के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी।

नेपाल सरकार की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रधानमंत्री शाह 22 नवंबर को नेपाल एयरलाइंस के विमान से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे। उनके साथ वित्त मंत्री डॉ. स्वर्णिम वाग्ले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल, प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार व्यञ्जनकार तथा नेपाल सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी जाएंगे।

भारत में प्रधानमंत्री शाह वहां की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से शिष्टाचार मुलाकात करेंगे। इसके अलावा, वह भारतीय प्रधानमंत्री मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी अपने समकक्ष के सम्मान में आधिकारिक दोपहर भोज का भी आयोजन करेंगे। वहीं, भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह से मुलाकात करेंगे।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि नेपाल और भारत के बीच लंबे समय से सभ्यतागत संबंध, सांस्कृतिक समानता और गहरे जनस्तरीय संपर्कों पर आधारित मैत्रीपूर्ण संबंध रहे हैं। यह यात्रा दोनों देशों के बीच व्यापक सहयोगात्मक साझेदारी की समीक्षा करने और भविष्य को ध्यान में रखते हुए आपसी सहयोग को और मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण अवसर होगी। इसका उद्देश्य दोनों देशों के नागरिकों को अधिकतम पारस्परिक लाभ पहुंचाना है। शाह 23 नवंबर को स्वदेश लौटेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780167 Articles

Share this story