नेपाल हवाई अड्डे पर यात्रियों को मिलेगी सुविधा, अब लाइव देख सकेंगे सामान की हैंडलिंग

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल हवाई अड्डे पर यात्रियों को मिलेगी सुविधा, अब लाइव देख सकेंगे सामान की हैंडलिंग


काठमांडू, 06 नवंबर (हि.स.)। नेपाल के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यात्रियों को अब अपने सामान की हैंडलिंग की प्रक्रिया लाइव देखने की सुविधा मिलेगी। सामान प्रबंधन को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और यात्रियों के अनुकूल बनाने के उद्देश्य से आगमन हॉल के बैगेज क्लेम क्षेत्र में अब बैगेज ड्रॉप एरिया का लाइव फीड उपलब्ध कराया गया है।

इस व्यवस्था के तहत अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से नेपाल पहुंचने वाले यात्री वास्तविक समय में देख सकेंगे कि विमान से उतारे जाने के बाद उनका सामान किस तरह बैगेज बेल्ट तक पहुंच रहा है। इससे यात्रियों को अपने सामान की स्थिति पर नजर रखने और उसे मिलने में लगने वाले संभावित समय का अनुमान लगाने में मदद मिलेगी।

अब तक यात्रियों के पास यह जानने का कोई तरीका नहीं था कि विमान से उतारा गया सामान बैगेज क्लेम क्षेत्र तक पहुंचने में कितना समय लेगा। इसके कारण कई यात्रियों को इंतजार के दौरान असमंजस का सामना करना पड़ता था। सामान प्रबंधन की प्रक्रिया की जानकारी नहीं होने से भी उन्हें असुविधा होती थी। नई व्यवस्था के तहत यात्री आगमन हॉल में मौजूद रहकर ही बैगेज ड्रॉप क्षेत्र की गतिविधियां देख सकेंगे। इससे सामान के इंतजार की प्रक्रिया पहले की तुलना में आसान और अधिक व्यवस्थित होने की उम्मीद है।

हवाई अड्डा प्रशासन को उम्मीद है कि इस पहल से त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यात्रियों को मिलने वाली सेवाओं का अनुभव बेहतर होगा और हवाई अड्डा अधिक यात्री-अनुकूल बनेगा। इसे यात्री सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने, सेवा वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने की व्यापक पहल का हिस्सा माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773238 Articles

Share this story