नेपाल सरकार ने जारी की ट्रैवल एडवाइजरी, इजराइल और इरान का भ्रमण नहीं करने का आग्रह

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल सरकार ने जारी की ट्रैवल एडवाइजरी, इजराइल और इरान का भ्रमण नहीं करने का आग्रह


काठमांडू, 28 फ़रवरी (हि.स.)। मध्यपूर्व में विकसित हो रही तनावपूर्ण स्थिति को ध्यान में रखते हुए नेपाल सरकार ने इजराइल और ईरान में रह रहे नेपाली नागरिकों से उच्च सतर्कता बरतने और सुरक्षित रहने की अपील की है। नेपाल का विदेश मंत्रालय ने कहा है कि वह स्थिति की सूक्ष्म निगरानी कर रहा है तथा तत्काल के लिए इन दोनों देशों की यात्रा न करने का आग्रह करते हुए शनिवार को एक एडवाइजरी जारी की है।

मंत्रालय द्वारा जारी विज्ञप्ति में इजराइल और ईरान में रह रहे नेपाली नागरिकों से वहां की संबंधित सरकारी एवं सुरक्षा एजेंसियों द्वारा जारी सुरक्षा सलाह और निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन करने का अनुरोध किया गया है।

नागरिकों को यथासंभव घर के भीतर रहने, सतर्क रहने, आवश्यक सावधानियां अपनाने तथा अपने क्षेत्र में मौजूद नेपाली समुदाय के साथ निरंतर संपर्क में रहने की सलाह दी गई है। इसके अतिरिक्त, स्थानीय अधिकारियों की पूर्व अनुमति के बिना किसी भी प्रकार की यात्रा न करने की चेतावनी भी दी गई है।

इसी प्रकार, रोजगार या अन्य किसी उद्देश्य से इजराइल या ईरान जाने की तैयारी कर रहे नेपाली नागरिकों को दोनों देशों की स्थिति सामान्य होने तक अपनी यात्रा योजना तत्काल स्थगित करने का कड़ा सुझाव दिया गया है।

मध्यपूर्व के अन्य देशों में रह रहे तथा कार्यरत नेपाली नागरिकों से भी विकसित घटनाक्रम पर निरंतर नजर रखने और संबंधित देशों के अधिकारियों द्वारा सुझाए गए एहतियाती उपाय अपनाने का आग्रह किया गया है।

किसी भी आपात स्थिति या आवश्यक जानकारी एवं समन्वय के लिए मंत्रालय ने संपर्क विवरण भी सार्वजनिक किए हैं। नागरिकों से काठमांडू स्थित परराष्ट्र मंत्रालय, इजरायल के तेल अवीव स्थित नेपाली दूतावास तथा कतर के दोहा स्थित नेपाली दूतावास के साथ निरंतर संपर्क में रहने का अनुरोध किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story