नेपाल ने एशियाई विकास बैंक से नए नेतृत्व की भावना के अनुसार सहयोग की अपील की

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल ने एशियाई विकास बैंक से नए नेतृत्व की भावना के अनुसार सहयोग की अपील की


नेपाल ने एशियाई विकास बैंक से नए नेतृत्व की भावना के अनुसार सहयोग की अपील की


काठमांडू, 05 मई (हि.स.)। एशियाई विकास बैंक की 59वीं वार्षिक बैठक में नेपाल की तरफ से कहा गया है कि देश का नया राजनीतिक नेतृत्व एडीबी और अन्य विकास साझेदारों के साथ सहयोग को और गहरा करना चाहता है।

उज्बेकिस्तान के समरकंद में जारी इस बैठक के दौरान बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की बैठक को नेपाल की ओर से अस्थायी वैकल्पिक गवर्नर के रूप में संबोधित करते हुए अर्थ मंत्रालय के अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक संबंध महाशाखा प्रमुख डा. धनीराम शर्मा ने यह बात कही।

एडीबी के बोर्ड में सामान्यतः अर्थमंत्री गवर्नर होते हैं, लेकिन बजट निर्माण में व्यस्त रहने के कारण डा. स्वर्णिम वाग्ले इस बैठक में शामिल नहीं हो सके। इसलिए अस्थायी वैकल्पिक गवर्नर के रूप में डा. शर्मा ने बैठक को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि नेपाल में वर्तमान में एक स्थिर और सुधारोन्मुख सरकार है, जिसे आर्थिक रूपांतरण को तेज करने, गुणवत्तापूर्ण निवेश आकर्षित करने और समावेशी आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा देने का स्पष्ट जनादेश प्राप्त है।

उन्होंने यह भी बताया कि इस जनादेश को पूरा करने के लिए नेपाल सरकार एडीबी जैसे अपने सबसे बड़े बहुपक्षीय विकास साझेदार के साथ सहयोग को विशेष महत्व दे रही है।

उन्होंने कहा कि नेपाल उच्च प्रभाव वाले निवेश को प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने कहा, “हम जलविद्युत, बुनियादी ढांचा, डिजिटल कनेक्टिविटी, कृषि और पर्यटन में निवेश विस्तार करना चाहते हैं। इसलिए हम एडीबी को प्रोत्साहित करना चाहते हैं कि वह ब्लेंडेड फाइनेंस और गैर-सरकारी (नॉन-सॉवरेन) वित्त जैसे नए वित्तीय उपकरणों का विस्तार करे, जिससे निजी पूंजी को बड़े पैमाने पर परिचालित किया जा सके।”

ऊर्जा रणनीति तैयार करने के दौरान नेपाल को एक प्रमुख स्वच्छ ऊर्जा साझेदार के रूप में प्राथमिकता देने का भी उन्होंने आग्रह किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story