लंदन में इजराइली दूतावास पर हमले की साजिश का मामला, आरोपित पर शुरू हुआ मुकदमा

WhatsApp Channel Join Now

लंदन, 15 अप्रैल (हि.स)। यूनाइटेड किंगडम की राजधानी लंदन में इजराइली दूतावास पर कथित आतंकी हमले की साजिश रचने के आरोपित के खिलाफ अदालत में मुकदमा शुरू हो गया है। अभियोजन पक्ष के अनुसार आरोपित हथियारों के साथ दूतावास में घुसकर हिंसक हमला करने की योजना बना रहा था।

अदालत में पेश किए गए विवरण के मुताबिक 34 वर्षीय आरोपित अब्दुल्ला अलबद्री को पिछले वर्ष पश्चिम लंदन स्थित इजरायली दूतावास के बाहर गिरफ्तार किया गया था। उस समय वह दूतावास की बाड़ पार करने की कोशिश कर रहा था, तभी सशस्त्र पुलिस अधिकारियों ने उसे हिरासत में ले लिया।

अभियोजन पक्ष ने बताया कि आरोपित के पास दो चाकू और एक कथित “शहादत नोट” बरामद हुआ, जिससे उसके इरादों का संकेत मिलता है। आरोप है कि वह इजराइल सरकार के खिलाफ हिंसा करने और कथित तौर पर बच्चों की मौत का बदला लेने के उद्देश्य से यह हमला करना चाहता था।

हालांकि, आरोपित ने सभी आरोपों से इनकार किया है। उसने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसके पास चाकू इसलिए थे क्योंकि वह बेघर था और अपनी सुरक्षा के लिए उन्हें साथ रखता था।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित पहले भी अवैध रूप से ब्रिटेन में प्रवेश कर चुका था और हाल ही में उसने शरण के लिए आवेदन किया था, जिसे खारिज कर दिया गया। इसके बाद उसके व्यवहार और ऑनलाइन गतिविधियों में बदलाव देखा गया, जिसमें दूतावास की लोकेशन और अन्य संदिग्ध जानकारी की खोज शामिल थी।

अभियोजन पक्ष के अनुसार, घटना वाले दिन आरोपित ने अपने परिवार को एक नोट और चाकू की तस्वीर भी भेजी थी, जिसके कुछ घंटों बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

मामले की सुनवाई लंदन की अदालत में जारी है और सुरक्षा एजेंसियां इस घटना को गंभीरता से लेते हुए आगे की जांच कर रही है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story