माली के रक्षा मंत्री सादियो कैमारा की आतंकी हमले में मौत, देशभर में सुरक्षा अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now

बामाको, 26 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम अफ्रीकी देश माली में शनिवार को हुए समन्वित आतंकी हमलों ने देश की सुरक्षा व्यवस्था को झकझोर दिया। इन हमलों में माली के रक्षा मंत्री सादियो कैमारा की मौत हो गई। यह हमला राजधानी बामाको के पास स्थित काटी सैन्य ठिकाना में उनके आधिकारिक आवास पर किया गया।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, हमलावरों ने कार बम के जरिए मंत्री के घर को निशाना बनाया। इस विस्फोट में उनकी पत्नी और दो पोते-पोतियों की भी मौत होने की सूचना है। इस हमले की जिम्मेदारी अल-कायदा से जुड़े आतंकी संगठन जेएनआईएम (जमात नुसरत अल-इस्लाम वल-मुस्लिमिन) और तुआरेग विद्रोहियों ने ली है।

सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, यह हमला केवल काटी तक सीमित नहीं था। आतंकियों ने एक साथ कई स्थानों को निशाना बनाया, जिनमें बामाको का अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, सेवारे, किदाल और गाओ शामिल हैं। इस तरह के समन्वित हमले से स्पष्ट है कि हमलावरों ने व्यापक स्तर पर अस्थिरता फैलाने की योजना बनाई थी।

इस घटना पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने हमलों की कड़ी निंदा करते हुए माली के नागरिकों के प्रति एकजुटता व्यक्त की। उन्होंने नागरिक बुनियादी ढांचे की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील भी की।

माली की सेना ने दावा किया है कि जवाबी कार्रवाई में “सैकड़ों हमलावरों” को मार गिराया गया है और हालात को नियंत्रण में लाया जा रहा है। हालांकि, राजधानी बामाको में एहतियात के तौर पर तीन दिनों का कर्फ्यू लागू कर दिया गया है।

सादियो कैमारा की मौत माली की सैन्य सरकार के लिए एक बड़ा झटका है, क्योंकि वे शासन के प्रमुख स्तंभों में से एक माने जाते थे। इस हमले के बाद देश में राजनीतिक और सुरक्षा स्थिति और अधिक जटिल होने की आशंका जताई जा रही है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story