माली के राष्ट्रपति ने ‘अस्थिरता की साजिश’ के मामले में सजा पाए फ्रांसीसी नागरिक को दी माफी

WhatsApp Channel Join Now

- रिहाई के बाद तुरंत माली छोड़ने का आदेश

बमाको, 13 अगस्त (हि.स.)। माली के राष्ट्रपति असिमी गोइता ने देश को अस्थिर करने की कथित साजिश में शामिल होने के आरोप में जून में 20 साल की जेल की सजा पाए फ्रांसीसी नागरिक यैन वेजिलिए को माफी दे दी है। माली सरकार की ओर से गुरुवार को जारी आधिकारिक बयान में इसकी जानकारी दी गई।

वेजिलिए पर माली सरकार ने आरोप लगाया था कि उन्होंने पिछले साल फ्रांसीसी खुफिया सेवाओं की ओर से देश को अस्थिर करने की कथित साजिश में भूमिका निभाई थी। हालांकि, फ्रांस के विदेश मंत्रालय ने पहले इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा था कि वेजिलिए एक सुरक्षा सहयोग मिशन के तहत काम कर रहे थे। फ्रांसीसी विदेश मंत्रालय की ओर से इस मामले में तत्काल कोई नई प्रतिक्रिया नहीं दी गई।

माली सरकार के प्रवक्ता द्वारा हस्ताक्षरित बयान में कहा गया कि राष्ट्रपति की माफी का अर्थ यह नहीं है कि अदालत द्वारा स्थापित तथ्यों पर सवाल उठाया गया है। बयान के मुताबिक, वेजिलिए को निष्पक्ष सुनवाई के बाद दोषी ठहराया गया था और मुकदमे में किसी तरह का हस्तक्षेप नहीं हुआ।

हालांकि, माफी मिलने के बावजूद वेजिलिए को तुरंत माली छोड़ने का आदेश दिया गया है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story