डॉ. महरंग बलोच ने जेल से जारी किया बयान- 'बलोचिस्तान में न्यायपालिका ने जनता का भरोसा खो दिया'

WhatsApp Channel Join Now
डॉ. महरंग बलोच ने जेल से जारी किया बयान- 'बलोचिस्तान में न्यायपालिका ने जनता का भरोसा खो दिया'


क्वेटा (बलोचिस्तान) पाकिस्तान, 13 सितंबर (हि.स.)। बलोच यूनिटी कमेटी (बीवाईसी) प्रमुख और जेल में बंद बलोच राजनीतिक नेता डॉ. महरंग बलोच ने कहा कि बलोचिस्तान में न्यायपालिका ने अपना असर और जनता का भरोसा पूरी तरह खो दिया है। उन्होंने यह बयान जेल से जारी किया। उनके इस बयान को द बलूचिस्तान पोस्ट ने 12 सितंबर को प्रसारित किया है।

उन्होंने कहा कि बलोचिस्तान के चीफ जस्टिस कामरान मलाखिल खुद बलोच यूनिटी कमेटी के सभी मुकदमे देख रहे हैं। कमेटी के मामलों की सुनवाई कर रहे जस्टिस मोहम्मद अली मुबीन और जस्टिस कादिर शाह बुखारी कई मौकों पर कह चुके हैं कि उन पर दबाव है। डॉ. महरंग ने आरोप लगाया कि संबंधित जजों ने यह भी कहा कि उन्हें केस में सजा सुनाने के निर्देश दिए गए हैं। डॉ. महरंग बलोच ने कहा कि यह न्यायिक आजादी और निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

डॉ. महरंग बलोच के अनुसार, सात सितंबर को अदालत में हड़ताल और बचाव पक्ष के वकील की गैरमौजूदगी के बावजूद गुलजादी बलूच के केस में गवाह से पूछताछ की गई। उन्होंने कहा, इसी तरह हमारे केस में हमारी इजाजत के बिना नियुक्त किए गए सरकारी वकीलों को कई तरह के खास अधिकार देकर इस्लामाबाद लाया गया, जबकि हमें अपना बचाव करने के बुनियादी अधिकार से वंचित रखा गया।

महरंग बलोच ने आरोप लगाया कि इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान में न्यायपालिका को बंधक बना लिया गया है। उन्होंने कहा कि उनके पास उम्रकैद की सजा के खिलाफ अपील करने का संवैधानिक और कानूनी अधिकार है। उनकी अपील की सुनवाई के लिए अक्टूबर की तारीख तय की गई है। महरंग बलोच ने कहा है कि बीवाईसी ने 13 जून से फेसलेस ट्रायल के खिलाफ 20 केस का बॉयकॉट किया है। हमारी याचिका बलोचिस्तान उच्च न्यायालय में जमा कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि चीफ जस्टिस पिछले छह महीनों से हमारी जमानत याचिका को सुनने के बजाय बार-बार उस गैर सूचीबद्ध कर रहे हैं। महरंग ने कहा कि चीफ जस्टिस को एक पार्टी की भूमिका निभाने के बजाय बिना भेदभाव के निष्पक्ष फैसले लेने चाहिए। डॉ. महरंग ने पाकिस्तान के उच्चतम न्यायालय और इंटरनेशनल ह्यूमन राइट्स ऑर्गनाइजेशन से दखल देने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Share this story