मैक्सिको के तट पर 7.4 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी

WhatsApp Channel Join Now

ग्वाटेमाला सिटी, 17 जुलाई (हि.स.)। मैक्सिको के दक्षिणी राज्य चियापास के तट के पास शुक्रवार को 7.4 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिसके बाद अमेरिका की सुनामी चेतावनी प्रणाली ने संभावित सुनामी का अलर्ट जारी किया। भूकंप के झटके पड़ोसी देशों ग्वाटेमाला और अल सल्वाडोर में भी महसूस किए गए। हालांकि, फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं मिली है।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार, भूकंप का केंद्र मैक्सिको के पुएर्तो मादेरो कस्बे के निकट था और इसकी गहराई केवल 10 किलोमीटर दर्ज की गई, जिससे झटके काफी तेज महसूस हुए।

भूकंप के तुरंत बाद अमेरिकी सुनामी चेतावनी प्रणाली ने आगाह किया कि भूकंप के केंद्र से लगभग 300 किलोमीटर के दायरे वाले तटीय क्षेत्रों में खतरनाक सुनामी लहरें उठ सकती हैं। इसके बाद संबंधित तटीय इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई।

ग्वाटेमाला की राजधानी ग्वाटेमाला सिटी में भूकंप के तेज झटकों से कई इमारतें हिल गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोग घबराकर अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। भूकंप के झटके अल सल्वाडोर में भी महसूस किए गए, जहां लोग एहतियात के तौर पर खुले स्थानों की ओर चले गए।

स्थानीय और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसियां हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं का पालन करने की अपील की है। फिलहाल प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story