मैक्रों ने कनाडाई पीएम कार्नी का किया स्वागत, ऊर्जा और रक्षा सहयोग पर चर्चा
सेंट पियरे, 20 सितंबर (हि.स.)। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने रविवार को कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी का उत्तरी अटलांटिक स्थित फ्रांसीसी क्षेत्र सेंट पियरे और मिकेलॉन में स्वागत किया। कनाडा के तट से करीब 25 किलोमीटर दूर स्थित इस छोटे से द्वीपसमूह में हुई बैठक का उद्देश्य दोनों देशों के बीच आर्थिक और सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करना था।
दोनों नेताओं की मुलाकात ऐसे समय हुई है जब कनाडा और यूरोप के अमेरिका के साथ संबंधों में तनाव बना हुआ है। बैठक में ऊर्जा, खनिज, एयरोस्पेस और उन्नत प्रौद्योगिकी जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। कनाडाई प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, दोनों देश क्वांटम तकनीक, उपग्रह और सुपरकंप्यूटिंग जैसे क्षेत्रों में भी साझेदारी मजबूत करना चाहते हैं।
मैक्रों ने सोशल मीडिया पर मुलाकात को दोनों देशों की दोस्ती और साझा हितों का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक संकटों के बीच फ्रांस और कनाडा की मित्रता दोनों देशों की ताकत है।
सेंट पियरे और मिकेलॉन करीब 6,000 लोगों की आबादी वाला तीन द्वीपों का समूह है और उत्तरी अमेरिका में फ्रांस का एकमात्र शेष क्षेत्र है। मैक्रों की इस क्षेत्र की यात्रा 2014 में तत्कालीन राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद के दौरे के बाद किसी फ्रांसीसी राष्ट्रपति की पहली यात्रा है।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

