लिथुआनिया की सख्त चेतावनी– हवाई सीमा उल्लंघन बर्दाश्त नहीं, संदिग्ध गुब्बारे मार गिराएगी सेना

WhatsApp Channel Join Now


विलनियस, 28 अक्टूबर (हि.स.)। लिथुआनिया के राष्ट्रपति गितानस नौसेदा ने कहा है कि हवाई सीमा के बार-बार हो रहे उल्लंघन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि आगे से कोई संदिग्ध गुब्बारा देश के हवाई क्षेत्र में पाया गया, तो सेना उसे तुरंत मार गिराएगी।

पिछले सप्ताह विलनियस हवाई अड्डे को चार बार अपना संचालन रोकना पड़ा था, जब बेलारूस की ओर से छोड़े गए माने जा रहे तस्करी के गुब्बारे उसके वायुक्षेत्र के पास देखे गए। इन घटनाओं के बाद हवाई सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं बढ़ गई हैं।

राष्ट्रपति नौसेदा का यह बयान देश के सार्वजनिक प्रसारक एलआरटी की एक रिपोर्ट में सामने आया है। उन्होंने कहा कि यह कोई नया चलन नहीं है, लेकिन हाल के महीनों में लिथुआनिया की पहचान करने की क्षमता और निगरानी व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है। उन्होंने इन घटनाओं को “लिथुआनिया के खिलाफ हाइब्रिड हमले” की संज्ञा दी, जो उनके अनुसार देश को अस्थिर करने की जानबूझकर की गई कोशिश है।

उन्होंने यह भी कहा कि बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको के हालिया “माफीनामे” और लिथुआनिया पर लगाए गए बेबुनियाद आरोप यह दिखाते हैं कि सीमा बंद करने की लिथुआनियाई सरकार की योजना ने मिन्स्क के हितों को नुकसान पहुंचाया है। नौसेदा ने चेतावनी दी, “हम चाहते हैं कि हमारा पड़ोसी देश समझे कि लिथुआनिया के खिलाफ की गई हर कार्रवाई का जवाब दिया जाएगा।”

राष्ट्रपति ने आगे कहा कि सरकार बेलारूस के खिलाफ और भी कड़े कदम उठा सकती है, जिनमें रेल पारगमन पर प्रतिबंध भी शामिल है।

इस बीच, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने भी कहा कि आयोग ऐसे घटनाक्रमों को किसी भी तरह सहन नहीं करेगा।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765361 Articles

Share this story