लेबनान के प्रधानमंत्री ने सीजफायर का स्वागत किया, ट्रम्प के प्रयासों को सराहा

WhatsApp Channel Join Now

बेरूत, 16 अप्रैल (हि.स.)। लेबनान के प्रधानमंत्री नवाफ सलाम ने इजराइल और हिज्बुल्लाह के बीच संघर्ष विराम (सीजफायर) की घोषणा का स्वागत किया है। यह घोषणा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा की गई, जिसका उद्देश्य दक्षिणी लेबनान में जारी हिंसा को अस्थायी रूप से रोकना है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जारी बयान में नवाफ सलाम ने उन देशों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने लेबनान में शांति बहाल करने के प्रयासों में भूमिका निभाई। उन्होंने विशेष रूप से अमेरिका, फ्रांस, सऊदी अरब, मिस्र, कतर और जॉर्डन का उल्लेख करते हुए कहा कि इन देशों की कूटनीतिक पहल से संघर्ष विराम संभव हो पाया है।

डोनाल्ड ट्रंप की यह घोषणा ऐसे समय में आई, जब उन्होंने इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन से फोन पर बातचीत की थी। इन वार्ताओं के बाद ही दोनों पक्षों के बीच 10 दिन के सीजफायर पर सहमति बनने का दावा किया गया।

लेबनान में जारी संघर्ष के कारण हालात बेहद गंभीर हो गए हैं। इजराइल की सैन्य कार्रवाई, जिसका लक्ष्य ईरान समर्थित संगठन हिज्बुल्लाह को कमजोर करना बताया गया है, ने व्यापक तबाही मचाई है। लेबनानी अधिकारियों के अनुसार, अब तक 2,000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 10 लाख से ज्यादा लोग अपने घरों से विस्थापित हो गए हैं।

माना जा रहा है कि यह सीजफायर मानवीय राहत पहुंचाने और कूटनीतिक समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर हो सकता है। हालांकि, यह भी आशंका जताई जा रही है कि यदि स्थायी समझौता नहीं हुआ, तो संघर्ष फिर भड़क सकता है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story